हैदराबाद: आईपीएल 2026 के 67वें मुकाबले में सनराइजर्स हैदराबाद ने बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु को 55 रनों से हराया। एसआरएच के कप्तान पैट कमिंस टीम के प्रदर्शन से काफी खुश नजर आए। सनराइजर्स हैदराबाद के कप्तान ने अपनी टीम के बल्लेबाजों की जमकर तारीफ की। कमिंस ने ये तक कह दिया कि आरसीबी की टीम आज के मैच को जीतने के लक्ष्य से उतरी ही नहीं थी।
पैट कमिंस ने मैच के बाद क्या कहा?
आरसीबी के खिलाफ मिली जीत के बाद कमिंस ने कहा, ‘हमने जो स्कोर बनाया वह बहुत शानदार था। बल्लेबाजों ने बेहतरीन बल्लेबाजी की और गेंदबाजों का प्रदर्शन भी अच्छा रहा। हर कोई अपनी पूरी ताकत लगा रहा है। यह एक बहुत अच्छा विकेट था। हम जानते थे कि बहुत सी चीजें हमारे पक्ष में होनी थीं। हां, यह करीब था। मुझे लगता है कि वे यह पक्का करने की कोशिश कर रहे थे कि वे उस स्कोर तक पहुंचें ताकि पहले क्वालिफायर में उनकी जगह पक्की हो सके। हमने उनके खिलाफ कुछ अलग चीजें करने का प्रयास किया, लेकिन यह फिर भी एक बड़ी जीत है।’










































