अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा कि अभी के हमले में तो उन्होंने खर्ग द्वीप पर ईरान के ऊर्जा संयंत्रों एवं तेल से जुड़ी उसकी बुनियादी संरचना को बख्श दिया है लेकिन स्ट्रेट ऑफ होरमुज में ईरान ने यदि अब किसी तरह की दिक्कत पैदा की तो अंजाम बहुत बुरा होगा।
US attack on Kharg Island: शुक्रवार रात अमेरिका ने ईरान के खर्ग आइलैंड पर भीषण हमला कर दिया, यहां इसने भीषण बमबारी की और खर्ग आइलैंड पर ईरान के जितने भी सैन्य अड्डे और ठिकाने थे, उसे अपनी बमबारी में बर्बाद कर दिया। बमबारी के बाद अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट ट्रुथ सोशल पर बमबारी का एक वीडियो पोस्ट किया। हालांकि, उन्होंने इस वीडियो के साथ कुछ लिखा नहीं, लेकिन माना यही जा रहा है कि यह वीडियो खर्ग आइलैंड पर हुई बमबारी का है। अपने इस पोस्ट से पहले उनका एक और पोस्ट है जिसमें वह ईरान को खुले तौर पर चेतावनी दी। इस पोस्ट में ट्रंप ने स्पष्ट रूप से कहा कि स्ट्रेट आफ होर्मुज में ऑयल टैंकरों और जहाजों के आवाजाही में ईरान यदि किसी तरह का अवरोध और बाधा खड़ी करता है तो इसके नतीजे बहुत बुरे होंगे। ट्रंप ने कहा कि अभी के हमले में तो उन्होंने खर्ग द्वीप पर ईरान के ऊर्जा संयंत्रों एवं तेल से जुड़ी उसकी बुनियादी संरचना को बख्श दिया है लेकिन स्ट्रेट ऑफ होरमुज में ईरान ने यदि अब किसी तरह की दिक्कत पैदा की तो अंजाम बहुत बुरा होगा। वह खर्ग द्वीप पर मौजूद ईरानी तेल संरचना को तहश-नहश और उसे बर्बाद कर देंगे। ट्रंप ने कहा कि मध्य पूर्व के इतिहास में इतनी भीषण बमबारी कभी नहीं हुई।
ईरान के तट से करीब 25 किलोमीटर दूर है खर्ग द्वीप
इसके अलावा ट्रंप ने ईरान युद्ध के बारे में कई सारी बातें कही हैं। ट्रंप ने कहा कि ईरान की वायु सेना, नौसेना पूरी तरह खत्म हो गई है और उसके पास सैन्य क्षमता बहुत कम बची है। तेल के दाम कब कम होंगे और यह युद्ध कब रुकेगा इसके बारे में भी उन्होंने प्रतिक्रिया दी लेकिन हम यहां बात खर्ग द्वीप पर हुए हमले की करेंगे। सवाल है कि ईरान से करीब 25 से 30 किलोमीटर की दूरी पर स्थित खर्ग द्वीप को अमेरिकी सेना ने आखिर निशाना क्यों बनाया? यह द्वीप ईरान के लिए कितना अहमियत रखता है और इस द्वीप पर हमला कर ट्रंप, ईरान को क्या संदेश देना चाहते हैं। इस द्वीप की अहमियत इतनी है कि इसे को ईरान का ‘दिल’ और उसकी ‘लाइफलाइन’ कहा जाता है। खर्ग पर हमला कर ट्रंप ने ईरान को गहरी चोट पहुंचाई है, इसमें कोई शक नहीं है।









































