उठ जा बेटा..! पिता की आंखों के सामने तड़प कर निकली बेटे की जान, वृंदावन इस्कॉन मंदिर में कूलर के करंट से छतरपुर के अभिज्ञान की मौत

0

छतरपुर: वृंदावन से एक बेहद दर्दनाक और झकझोर देने वाली खबर सामने आई है। यहां इस्कॉन मंदिर में दर्शन करने पहुंचे मध्य प्रदेश छतरपुर के एक 21 वर्षीय युवक की करंट लगने से मौत हो गई। यह हादसा उस वक्त हुआ जब युवक अपनी चप्पल उतारने के लिए मंदिर के गेट पर लगे एक लोहे के कूलर के स्टैंड के सहारे खड़ा हुआ था। इस दुखद घटना का एक रोंगटे खड़े कर देने वाला वीडियो सोशल मीडिया पर भी वायरल हो रहा है , जिसके बाद प्रशासन और मंदिर प्रबंधन की लापरवाही पर लोगों का गुस्सा फूट पड़ा है।

चप्पल उतारने के लिए कूलर का सहारा लिया और…

जानकारी अनुसार छतरपुर के बस स्टैंड स्थित पत्रकार चौक निवासी मोबाइल व्यवसायी अमित उर्फ मिंटू गुप्ता के 21 वर्षीय बेटे अभिज्ञान गुप्ता के रूप में हुई है। अभिज्ञान अपने परिवार के साथ धार्मिक यात्रा पर वृंदावन गया था। परिवार ने पहले बांके बिहारी जी के दर्शन किए और फिर ई-रिक्शे से इस्कॉन मंदिर पहुंचे। चप्पल उतारने के लिए अभिज्ञान मंदिर के गेट पर रुके, जहां श्रद्धालुओं को राहत देने के लिए पानी की फुहार छोड़ने वाला एक बड़ा लोहे का कूलर चल रहा था। जैसे ही अभिज्ञान ने कूलर के स्टैंड का सहारा लिया, उसमें आ रहे तेज करंट ने उन्हें जकड़ लिया।पिता के सामने मौत कोई नहीं आया बचाने

हादसा इतना अचानक और भयानक था कि आसपास खड़े सैकड़ों लोग और श्रद्धालु कुछ समझ ही नहीं पाए। वायरल वीडियो में देखा जा सकता है कि अभिज्ञान कूलर से बुरी तरह चिपके हुए थे, लेकिन करंट के डर से कोई भी उन्हें छूने या अलग करने की हिम्मत नहीं जुटा पा रहा था।

पिता ने जान की परवाह किए बगैर दौड़कर धक्का दिया

बेटे को आंखों के सामने तड़पता देख बदहवास पिता अमित गुप्ता ने अपनी जान की परवाह न करते हुए आगे बढ़कर धक्का दिया और पूरे कूलर को नीचे गिरा दिया। हालांकि, तब तक बहुत देर हो चुकी थी। अभिज्ञान ने पिता के सामने ही दम तोड़ दिया। इस दर्दनाक हादसे के बाद से परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है।


बिलख रहे माता-पिता, इलाके में शोक

जैसे ही अभिज्ञान की मौत की खबर छतरपुर के पत्रकार चौक और व्यापारिक क्षेत्र में पहुंची, पूरे इलाके में मातम छा गया। एक हंसते-खेलते परिवार का इकलौता सहारा उनकी आंखों के सामने छिन गया। व्यापारिक और सामाजिक संगठनों ने इस घटना पर गहरा दुख जताया है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here