भारत सरकार के खाद्य प्रसंस्करण विभाग द्वारा वन डिस्ट्रिक्ट वन प्रोडक्ट के तहत वर्ष 2021 मे बालाघाट जिले को राष्ट्रीय स्तर पर कोदो कुटकी के प्रसंस्करण के रूप मे चिन्हित किया गया है। भारतीय डाक विभाग द्वारा 9 अक्टूबर से 13 अक्टूबर तक राष्ट्रीय डाक सप्ताह मनाया जा रहा है। इसके अंतर्गत 11 अक्टूबर को आजादी का अमृत महोत्सव फिलेटली दिवस के अवसर पर भारतीय डाक विभाग द्वारा प्रधान डाकघर बालाघाट में कोदो कुटकी पर एक विशेष आवरण तथा विरूपण मुहर का अनावरण कार्यक्रम अधीक्षक डाकघर बालाघाट संभाग जे.के. कावड़े की अध्यक्षता, पंकज जैन के मुख्य आतिथ्य एवं फिलेटेलिस्ट अशोक चौबे के विशेष आतिथ्य में किया गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार इस आवरण के अग्र भाग मे कोदो कुटकी अनाज का चित्र लिया गया है एवं पिछले भाग मे इसके बारे में संक्षिप्त लेख है। विशेष आवरण में लाल रंग का दाना कोदो है एवं हल्का भूरा रंग का दाना कुटकी है। कोदो कुटकी बालाघाट, मंडला व डिंडौरी जिले के बैगा आदिवासी अंचलों में पारंपरिक रूप से उत्पादित किया जाता है। कोदो कुटकी बाजरा प्रजाति का अनाज है। इनके दाने में क्रमश: 8.3 और 7.7 ग्राम प्रोटीन होता है।
कार्यक्रम के दौरान बताया गया कि कोदो कुटकी बालाघाट जिले का पहला ऐसा उत्पाद है जिस पर प्रधान डाकघर बालाघाट में पहली बार विशेष आवरण विरूपण मुहर द्वारा विरूपित कर जारी किया गया है। यह क्षण बालाघाट जिले के नागरिकों के लिए विशेष महत्व का है। जिसे विशेष आवरण एवं विरूपण मुहर के रूप मे संजोएंगे। यह विशेष आवरण सीमित संख्या मे छापे गए है। आज के बाद इस अवसर पर पुनः विशेष आवरण जारी नहीं किया जा सकेगा। यह विशेष आवरण बालाघाट प्रधान डाकघर में विशेष विरूपण मुहर 11 अक्टूबर से विरूपण के पश्चात विक्रय हेतु प्रधान डाकघर बालाघाट के काउंटर पर उपलब्ध हो जायेंगे।










































