बॉलीवुड में ऐसे कई सितारें हैं, जो राजनीति की दुनिया में कदम रख चुके हैं। फिल्म इंडस्ट्री और राजनीति का पुराना नाता रहा है। राजनीति में उतरने के बाद उन सितारों को लोगों का काफी प्यार मिला है, लेकिन कुछ स्टार्स ये जिम्मेदारी संभाल नहीं पाए और उन्होंने राजनीति से इस्तीफा दे दिया। अब साल 2024 में लोकसभा चुनाव होने जा रहे हैं। इसी के साथ कई सितारें हैं, जो राजनीति में उतरने वाले हैं। कंगना रनोट, अरुण गोविल, हेमा मालिनी समेत कई सितारे अलग-अलग क्षेत्रों से लोकसभा चुनाव लड़ने वाले हैं। फिल्मी पर्दे पर देखने के बाद अब ये देखना दिलचस्प होगा कि बतौर लीडर जनता इन्हें अपनाती है या नहीं। आइए, जानते हैं कि वे सितारे कौन-से हैं, जो इस बार चुनावी मैदान में नजर आएंगे।
कंगना रनोट
कुछ दिनों पहले ही कंगना रनोट ने अपने फैंस को राजनीति में शामिल होने की जानकारी दी थी। उन्होंने इंस्टा पर एक स्टोरी शेयर कर बताया था कि वे अपने राज्य हिमाचल प्रदेश के मंडी से भारतीय जनता पार्टी की टिकट पर लोकसभा चुनाव लड़ने वाली हैं। कंगना की इस अनाउंसमेंट के बाद उन्हें उनके फैंस का सपोर्ट तो मिला, लेकिन कई लोगों ने उन्हें ट्रोल भी किया।










































