जिला अस्पताल में तोड़ा दम
बालाघाट। खेत में कीटनाशक दवा का छिड़काव करने के बाद बेहोश हुए 31 वर्षीय युवक की जिला अस्पताल बालाघाट में उपचार के दौरान मौत हो गई। मृतक विजय पिता केवलराम लाझेवार ग्राम टेकाड़ी (म), थाना कटंगी निवासी है। जिला अस्पताल पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया है। पुलिस ने धारा 194 भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता के तहत मर्ग कायम कर मामले की आगे की कार्रवाई के लिए प्रकरण संबंधित थाना कटंगी भेज दिया है।
खेत से लौटने के बाद घर में मिला बेहोश
प्राप्त जानकारी के अनुसार विजय लाझेवार खेती-किसानी के साथ सैलून का काम भी करता था। परिवार में उसकी मां संगीता लाझेवार और छोटा भाई अजय लाझेवार हैं। बताया गया कि 9 अक्टूबर को दोपहर में विजय अपने खेत में कीटनाशक दवा का छिड़काव करने गया था। शाम करीब 4 बजे वह घर लौटा। उस समय उसकी मां पड़ोस में आयोजित पुण्यतिथि कार्यक्रम में शामिल होने गई थी जबकि छोटा भाई अजय दुर्गा उत्सव समिति के सदस्यों के साथ चंदा एकत्र करने निकला था।शाम करीब 4:30 बजे जब मां घर लौटी, तो विजय घर में बेहोशी की हालत में पड़ा मिला। उसने उल्टी भी की थी। कीटनाशक की दुर्गंध आने पर मां ने तत्काल छोटे बेटे अजय को फोन कर बुलाया। इसके बाद परिजन विजय को उपचार के लिए कटंगी अस्पताल लेकर पहुंचे। जहां उसे भर्ती कराया गया।
रात में हालत सुधरी:सुबह फिर बिगड़ी तबीयत
परिजनों के अनुसार कटंगी अस्पताल में उपचार के दौरान रात में विजय की हालत में कुछ सुधार हुआ था। हालांकि10 अक्टूबर की सुबह करीब 5 बजे उसकी तबीयत अचानक फिर बिगड़ गई और मुंह से झाग निकलने लगा। गंभीर स्थिति को देखते हुए उसे जिला अस्पताल बालाघाट रेफर किया गया। सुबह करीब 7 बजे जिला अस्पताल में भर्ती कराए गए ।विजय की उपचार के दौरान सुबह 8 बजे मौत हो गई। जिला अस्पताल पुलिस ने विजय का शव अपने कब्जे में लिए। और पंचनामा कार्रवाई पश्चात शव पोस्टमार्टम करवा कर उसके परिजनों को सोप दिए हैं। इस मामले की आगे जांच कटंगी पुलिस द्वारा की जा रही है।
इसी साल होनी थी दोनों भाइयों की शादी
मृतक के छोटे भाई अजय लाझेवार ने बताया कि विजय उसका बड़ा भाई था और सैलून का काम करता था। वह खेत में कीटनाशक दवा का छिड़काव करने गया था। घर लौटने के बाद वह बेहोश मिला था। कटंगी अस्पताल में उपचार के दौरान उसकी हालत में सुधार हुआ। लेकिन अगले दिन सुबह अचानक तबीयत बिगड़ने पर उसे बालाघाट रेफर किया गया। जहां उसकी मौत हो गई।बताया गया है कि विजय ने अभी तक शादी नहीं की थी। परिवार में इसी वर्ष विजय और उसके छोटे भाई अजय की शादी की तैयारी की जा रही थी। विजय की अचानक मौत से परिवार में शोक का माहौल है।










































