त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव के तहत २४ जुलाई को वारासिवनी जनपद पंचायत अंर्तगत आने वाली सभी ग्राम पंचायत में उपसरपंच पद के लिये निर्वाचन प्रक्रिया संपन्न कराई गई। हालांकि कुछ ग्राम पंचायतों में उपसरपंच पद के लिये हो रहे निर्वाचन में माहौल काफी गहमा गहमी भरा रहा वही अधिकांशता ग्राम पंचायतों में यह चुनावी प्रक्रिया बड़ी शांति पूर्वक संपन्न हुई। इस दौरान देर शाम को उपसरपंच निर्वाचन के परिणाम प्राप्त हुये जिसमें २० पंचायतों में उपसरपंच निर्विरोध निर्वाचित हुये वही ४० पंचायतों में मतदान प्रक्रिया अपनाई गई। जिसमें ४ पंचायतों में मतदान प्रक्रिया के दौरान बराबर मत प्राप्त करने वाले प्रत्याशियों के बीच टॉस कर उपसरपंच पद का निर्धारण किया गया। गौरतलब है कि प्रथम चरण का त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव २५ जून को वारासिवनी अंर्तगत आने वाली ६० ग्राम पंचायत में हुआ था। जिसका सारणीकरण कार्य १४ जुलाई को शासकीय शंकरसाव पटेल महाविद्यालय में संपन्न हुआ। जिसके बाद ही उपसरपंच चुनाव की सरगर्मी काफी बढ़ गई थी। सभी निर्वाचित सरपंच इस पद हेतु अपने अपने पंच को निर्वाचित कर उपसरपंच बनाने की जुगात में भिड़ गये थे। रिर्टेनिंग अधिकारी के द्वारा इस चुनाव को संपन्न कराने के लिये एक पीठासीन अधिकारी व उसी ग्राम पंचायत के सचिव को सहायक अधिकारी नियुक्त किया है। बकायदा यह चुनाव अप्रत्यक्ष मतदान प्रणाली के साथ संपन्न करवाये गये है। उपसरपंच निर्वाचन में पीठासीन अधिकारी को ही सर्वेसर्वा बनाया गया है। जिनके द्वारा चुनावी प्रक्रिया को शांतिपूर्ण संपन्न कराने के साथ ही ग्राम पंचायत भवन में ही विजयी उपसरपंच को प्रमाण पत्र देने का कार्य भी किया गया।
शांतिपूर्ण ढ़ंग से संपन्न करवाये गये उपसरपंच चुनाव – एसडीएम
इस संबंध में अनुविभागीय अधिकारी राजस्व केसी बोपचे ने दूरभाष पर बताया कि हमने पूरी प्रक्रिया पीठासीन अधिकारी को सौंप दी है। किसी प्रकार के विवाद की स्थिति में वे हमसे मार्गदर्शन ले सकते है। फिलहाल अभी तक ऐसी कोई स्थिति वारासिवनी जनपद पंचायत अंर्तगत नही देखी गई है। हमने पीठासीन अधिकारी व सहायक अधिकारी को बकायदा उपसरपंच चुनाव कैसे करवाना है इस बारे में पहले ही प्रशिक्षण दे दिया है जिसके अनुरूप ही उन्होने इस चुनाव को संपन्न करवाया है।
४ पंचायत में हुआ बराबर मत होने पर टॉस – बीपीओं इमरान
इस संबंध में जानकारी देते हुये बीपीओं इमरान खान ने बताया कि सभी ग्राम पंचायत का चुनाव शांतिपूर्ण ढ़ंग से सपंन्न हुआ है थोड़ा सा विवाद झाडग़ॉव पंचायत में हुआ था जिसे सुलक्षा लिया गया है। सभी ग्राम पंचायत में ३६ ग्राम पंचायत ऐसी थी जिनमें चुनाव शांतिपूर्वक संपन्न हुआ है।इसी तरह ४ ग्राम पंचायत ऐसी थी जहां ४ पंचायत में बराबर मत प्राप्त उपसरपंच के प्रत्याशियों के बीच टॉस कराया गया है। जिसमें बोटेझरी, मदनपुर, बघोली व कोस्ते ग्राम पंचायत शामिल है। वहीं ३६ ग्राम पंचायत के चुनाव शांतिपूर्वक संपन्न हुये है साथ ही २० पंचायत में निर्विरोध उपसरपंच चुने गये है।










































