सोशल मीडिया पर आने वाले कुछ वीडियो या तस्वीरें ऐसी होती हैं, जो हमें जिंदगी का बड़ा सबक दे जाती हैं। सोशल मीडिया पर ऐसी ही एक तस्वीर काफी वायरल हो रही है, जिसमें एक ठेलेवाले ने अपने कुत्तों के लिए शानदार आशियाना बनाया है। खास बात ये है कि इस शख्से के पास खुद अपना सिर ढंकने को छत नहीं है, लेकिन उसके पास जो भी है, उसी में उसने पूरी दिलदारी दिखाई और कुत्तों के सिर छुपाने के लिए शानदार इंतजाम किया। आप कह सकते हैं कि इसके पास पैसे कम हैं, लेकिन दिल बहुत बड़ा है। इस तस्वीर को आईपीएस अधिकारी दीपांशु काबरा ने ट्विटर पर शेयर किया है। फोटो के साथ उन्होंने कैप्शन में लिखा है, “कुछ लोग इतने गरीब होते हैं कि उनके पास देने के लिए सिर्फ “पैसे” होते हैं, और कुछ दिल के इतने अमीर होते हैं।
वायरल हो रही इस तस्वीर में आप देख सकते हैं कि एक शख्स खुद ठेले पर लेटा है, लेकिन उसी के ऊपर उसने कुत्तों के सोने के लिए भी एक बिस्तर लगाया है। कुत्ते के रहने के इस हिस्से को उसने बेहद खूबसूरती से सजाया भी है। ये तस्वीर सोशल मीडिया पर पोस्ट होते ही वायरल हो गई है। इस पर अबतक हजारों लाइक्स और कमेंट्स आ रहे हैं। सभी लोग शख्स की जमकर तारीफ कर रहे हैं।









































