आयरलैंड के डबलिन में एक 66 साल की महिला ने खुद को तकलीफ पहुंचाने के लिए 55 बैटरियां निगल लीं। कुछ दिनों बाद जब पेट में दर्द हुआ तो उन्हें डाक्टर के पास ले जाया गया। एक्सरे करने के बाद पता चला कि पेट में बड़ी संख्या में बैटरियां भरी हुई हैं। महिला के पेट से बैट्री निकालने में डॉक्टरों के पसीने छूट गए। महिला का उपचार करने वाले सेंट विनसेंट यूनिवर्सिटी अस्पताल में जब एक महिला पेट दर्द की शिकायत लेकर पहुंची तो डॉक्टरों ने सबसे पहले उसका एक्स-रे किया। इसकी जांच में डाक्टरों ने पाया कि पेट में ढेरों बैटरियां फंसी हुई हैं। गनीमत यह थी कि उन बैटरियों की वजह से आंत का रास्ता ब्लॉक नहीं हुआ था। डॉक्टरों ने पेट की जांच कर पाया कि मल के रास्ते बैटरियां बाहर निकल जाएंगी। महिला ने 3 एए पावर वाली बैटरी को पहले हफ्ते में मल के रास्ते निकाल दिया मगर बाकी पेट में ही फंसी रह गईं। जब पेट में दर्द ज्यादा बढ़ गया तो डॉक्टरों ने बैटरीज़ को सर्जरी के जरिए निकालने का फैसला किया। डॉक्टरों ने 46 बैटरियों को ऑपरेशन की मदद से बाहर निकाला। इस तरह महिला के पेट से कुल 55 एए और एएए बैटरियां निकाली गई। आयरिश मेडिकल जर्नल में छपी रिपोर्ट में दावा किया गया है कि इतनी बड़ी संख्या में बैटरी निगलने की यह पहली घटना है।










































