आखिरकार कश्मकश और सस्पेंस से भरे अध्यक्ष उपाध्यक्ष के चुनाव में पूर्व सांसद बोधसिंह भगत और खनिज विकास निगम अध्यक्ष क्षेत्रीय विधायक खनिज विकास निगम अध्यक्ष मध्यप्रदेश शासन प्रदीप जायसवाल समर्थित उम्मीदवार आशु गुनाराम बघेले ने जीत हासिल करने में सफलता प्राप्त कर ली है। सस्पेंस और कश्मकश इसलिए कहा जा रहा है क्योंकि चुनाव और मतदान की प्रक्रिया तक रितु सुलकिया को छोडक़र तीनों ही दल के मुखिया और नेतृत्वकर्ता बहुत मत और संख्या बल साथ होने का दम भरते रहे। लेकिन यह दम कुछ ही घंटों बाद दोनों खेमों में मायूसी में बदल गया।
४ मतों से जीती श्रीमती आशु बघेले
निर्धारित २४ जनपद पंचायत सदस्यों में अध्यक्ष पद की दावेदार श्रीमती आशु बघेले को १० मत प्राप्त हुए है। वहीं दूसरे नंबर पर रही भाजपा की प्रत्याशी खुशबू गिरीश बिसेन को ६ वोट प्राप्त हुए है। इसी प्रकार कांग्रेस प्रत्याशी खिलेश्वरी परमानंद बिसेन को कुल ३ और रितु योगेश सुलकिया को ५ मत प्राप्त हुये है।
६ मतों से दर्ज की दुर्गाप्रसाद लिल्हारे ने उपाध्यक्ष पद पर जीत
इसी प्रकार उपाध्यक्ष पद के दावेदार दुर्गाप्रसाद लिल्हारे को १२ मत, दिनेश दमाहे को ०६ और ललित ठाकुर को ०६ मत प्राप्त हुये है। जिसमें दुर्गाप्रसाद लिल्हारे ने जीत प्राप्त करने में सफलता प्राप्त की है। परिणाम आने के बाद अध्यक्ष और उपाध्यक्ष निर्वाचित हुये दोनों ही टीम द्वारा अपने समर्थकों के साथ डीजे की धुन पर सडक़ मार्ग से जुलूस निकालकर जनता का अभिवादन किया गया।
भाजपा और कांग्रेस के दावे हुये फैल
हालांकि २७ को मतदान प्रारंभ के पूर्व से ही कांग्रेस के ब्लॉक अध्यक्ष गोकुलप्रसाद गौतम उत्साह से लबरेज नजर दिखे। वह कांग्रेस के साथ १० सदस्यों के होने की बात करते रहे। इसी प्रकार बीजेपी मण्डल अध्यक्ष नरेंद्र शुक्ला भी बाजी अपने हाथ में होने की बात करते रहे। उनके अनुसार सभी सदस्य भाजपा के साथ बरकरार रहने और जनपद की सरकार बनाने की बात विश्वास से करते रहे। लेकिन इन दोनों ही नेताओं का अनुमान उस समय काफूर हो गया जब परिणाम उनके पक्ष में नही आया और दोनों ही दलों को जमकर पटकनी खानी पड़ी।
भाजपा व कांग्रेस का बिगड़ा गणित
यहां यह बात गौर करने लायक रही कि बसपा से नाता रखने वाले योगेश सुलकिया की धर्म पत्नी रितु सुलकिया ने अध्यक्ष चुनाव में दमदार प्रदर्शन करते हुए कांग्रेस को जहां औंधे मुंह गिरा दिया वहीं बीजेपी को भी लोहे के चने चबाने के लिए मजबूर कर दिया। श्रीमती रितु सुलकिया बोजेपी से मात्र १ वोट पीछे रही वहीं लगातार अपना अस्तित्व खोते जा रही कांग्रेस से ३ मत अधिक प्राप्त किये है। हालांकि सुलकिया दंपति को इससे और भी अच्छा प्रदर्शन करने की उम्मीद रही होंगी लेकिन किसी ने भी उनके इस प्रकार के उम्दा प्रदर्शन के बारे में उम्मीद नहीं की थी। हालांकि वह जीतने में जरूर सफल नही हो पायी हो लेकिन भविष्य के लिए उन्होंने अपनी टीम को एक रख पाने की उम्मीद को बरकरार और फिर जीवंत कर दिया है कहे तो अतिश्योक्ति नहीं कहा जाएगा। जिसप्रकार से लोधी समाज से जीतकर आये जनपद सदस्यों को उन्होंने एक करने में सफलता प्राप्त की है वह निश्चित ही काबिले तारीफ बात कही जाएगी।
जीत में बोधसिंह भाऊ और श्री जायसवाल का योगदान – आशु बघेले
जनपद पंचायत खैरलांजी के इतिहास में प्रथम निर्दलीय अध्यक्ष के रूप में चुनकर आयी श्रीमती आशु बघेले ने अपनी जीत का श्रेय सभी सदस्यों के साथ प्रमुख रूप से पूर्व सांसद बोधसिंह भगत और विधायक और मध्यप्रदेश राज्य खनिज विकास निगम के अध्यक्ष प्रदीप जायसवाल को दिया। एक गृहिणी के साथ रेस्टोरेंट का व्यवसाय संभाल रही श्रीमती बघेले ने बताया कि इन सबके पीछे उनके पति गुनाराम बघेले का प्रमुख योगदान रहा है। जिन्होंने हमेशा उन्हें आगे बढऩे के लिए प्रेरित करने का कार्य किया है। सेवा के माध्यम से सभी का सहयोग लेकर उनकी टीम क्षेत्र विकास के लिए हमेशा तत्पर रहेंगी।
मेरी जीत में रामकुमार,अजाब शास्त्री व द्रोण डोहरे का योगदान – दुर्गाप्रसाद लिल्हारे
उपाध्यक्ष निर्वाचित हुये दुर्गाप्रसाद लिल्हारे ने अपनी जीत के लिए कांग्रेस नेता रामकुमार नगपुरे, बसपा नेता अजाब शास्त्री, निर्दलीय द्रोण डोहर,भारत शिवहरे,पत्रकार देवी लिल्हारे, लोधी समाज ब्लॉक अध्यक्ष टेकलाल दमाहे सहित सभी सदस्यों को दिया। उन्होंने कहा कि जिस विश्वास के साथ सभी ने उनको आगे बढ़ाया है उस विश्वास को वह टूटने नही देंगे। सभी का सपना था कि वह उपाध्यक्ष बने खुशी है कि वह उसमें सफल रहे। यह पूरी कांग्रेस टीम की जीत है।
विधायक जायसवाल सहित समस्त कार्यकर्ताओं का आभार – पूर्व सांसद भगत
जनपद अध्यक्ष चुनाव खैरलांजी के संबंध में अपनी प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुये कहां कि मुझे पूर्ण विश्वास था कि खैरलांजी जनपद में हमारा ही निर्देलीय अध्यक्ष के हाथों में कमान आयेगी। इस जीत में विधायक जायसवाल का भी सराहनीय योगदान रहा है वही समस्त हमारे कार्यकर्ताओं ने भी एकजुट होकर मेहनत की है तब जाकर हमने अपनी प्रत्याशी श्रीमती आशु बघेले को जीत दिलवाई है। जिसके लिये वे सभी का आभार व्यक्त करते है।
कांग्रेसी कार्यकर्ताओं की जीत – रामकुमार नगपुरे
इस जीत पर पूर्व जिला पंचायत सदस्य रामकुमार नगपुरे ने अपनी प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुये बताया कि खैरलांजी जनपद में कांग्रेस ने उपाध्यक्ष पद पर अपना परचम लहराया है। जिसमें सभी कांग्रेसी कार्यकर्ताओं का सराहनीय योगदान है। वे सभी के प्रति आभार व्यक्त करता हुआ और जनपद उपाध्यक्ष श्री लिल्हारे से यह आशा करता हूॅ की वे क्षेत्र विकास में अपना अहम योगदान देंगे।