चाइनीस मांजा के इस्तेमाल से हुए हादसे !

0

मकर संक्रांति पर पतंगबाजी में इस्तेमाल की गई चाइना मांजा से 12वीं के एक छात्र का जीवन संकट में आ गया। डोर से उलझ कर उसका गला कट गया। करीब एक इंच गहरा घाव हुआ है। खून से लथपथ हालत में उसे जिला अस्पताल लाया गया। जहां इलाज में उसे 11 टांके लगाने पड़े हैं। तब कहीं जाकर खून का रिसाव बंद हुआ। वहीं, दूसरी ओर पतंगबाजी के चक्कर में तीन लोग छत से गिरे, जिसमें एक आठ साल के बच्चे की हालत गंभीर है।

राजस्थान के बारा जिले के छबड़ा गांव का 12वीं का छात्र गोलू मीणा अपने दोस्त सुनील पांचाल के साथ बुधवार को महाकाल मंदिर दर्शन करने आया था। गुरुवार सुबह उसने रामघाट पर शिप्रा नदी में स्नान के बाद महाकाल के दर्शन किए। दोपहर में दोस्त सुनील के साथ वह बाइक चलाते हुए ब्यावरा जा रहा था। पंवासा थाना क्षेत्र के पांड्याखेड़ी पहुंचा तभी चाइना मांझा उसके गले में उलझ गई। जब तक बाइक रोकता तब तक डोर से गला बुरी तरह कट गया। गले से खून की धारा बह निकली। बाइक रुकते ही आसपास के लोग आ गए। आनन-फानन में एंबुलेंस से अस्पताल भेजा गया।

पतंगबाजी के चक्कर में छत से तीन गिरे, एक की हालत नाजुक

गुरुवार को पतंगबाजी के चक्कर में तीन किशोर भी छत से गिरे। दो को प्राथमिक उपचार के बाद छोड़ दिया गया, लेकिन 8 साल के एक बच्चे की हालत नाजुक बनी हुई है। उसे इंदौर रेफर किया गया है। मिली जानकारी के अनुसार, झाबुआ जिला निवासी मन्नू अपने परिवार के साथ पंवासा थाना क्षेत्र के पांड्याखेड़ी में निर्माणाधीन तीन मंजिला मकान में मजदूरी करता है।

गुरुवार को मकर संक्रांति पर्व पर उसका आठ साल का बेटा करन निर्माणाधीन बिल्डिंग की तीसरी मंजिल पर पतंग उड़ा रहा था। पतंगबाजी के चक्कर में वह छत से नीचे गिर गया। गंभीर हालत में उसे अस्पताल लाया गया। करन के सिर में गंभीर चोट लगी है। कान से भी खून बह रहा था। बायां पैर भी टूट गया। प्राथमिक उपचार के बाद अचेत अवस्था में उसे इंदौर रैफर कर दिया गया।

इधर, कोट मोहल्ला निवासी आठ साल का अयान पिता अल्ताफ बेग भी गुरुवार को छत से गिर पड़ा। केडी गेट स्थित तोस फैक्टरी में काम करने वाला मुकेश पिता रामलाल भी गुरुवार को छत पर पतंग उड़ाते हुए नीचे गिर गया। हालांकि दोनों को ज्यादा चोट नहीं आई। प्राथमिक उपचार के दोनों को छोड़ दिया गया।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here