सतना। मध्य प्रदेश के सतना जिले के चित्रकूट में आंधी की वजह से बिजली बंद हो गई थी, जब बहाल हुई तो तीन लोगों के घरों में वापस नहीं आई। इनमें एक जज भी शामिल थे। बिजली सब स्टेशन ऑपरेटर का कहना है कि तीनों लोग उनके पास पहुंचे और वापस बिजली चालू करने की मांग करने लगे। इस दौरान इन्होंने पूरे कस्बे की बिजली बंद करवा दी।
बिजली बंद होने से लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा। बिजली सब स्टेशन ऑपरेटर का कहना है जज ने उन्हें कहा कि जब तक उनके घर की बिजली चालू नहीं हो जाती, तब तक पूरे चित्रकूट की बिजली चालू नहीं होने दी जाएगी। इस दौरान बिजली कंपनी के कर्मचारियों की एक टीम तीनों के घरों में वापस बिजली बहाल करने के लिए पहुंची थी।










































