जबलपुर में रफ्तार ने मचाया ऐसा कोहराम, 100 मीटर तक घिसटा स्कूटर, निकलीं चिंगारियां! मौत को छूकर बचे दो युवक

0

Jabalpur Accident: संस्कारधानी कहे जाने वाले मध्य प्रदेश के शहर जबलपुर से रफ्तार के कहर का एक ऐसा रोंगटे खड़े कर देने वाला वीडियो सामने आया है, जिसे देखकर किसी की भी रूह कांप जाए। 5 मार्च की देर शाम, गोरा बाजार थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले बिलहरी मार्केट में एक तेज रफ्तार स्कूटर अनियंत्रित होकर सड़क पर गिर गया। स्कूटर की गति इतनी अधिक थी कि गिरने के बाद वह सड़क पर करीब 100 मीटर तक घिसटती चली गई। रफ्तार का अंदाजा इसी बात से लगाय जा सकता है, स्कूटर के घिसटने से सड़क पर चिंगारियां उठने लगीं। यह पूरी घटना पास में लगे एक CCTV कैमरे में कैद हो गई है।

क्या है पूरा मामला

मध्य प्रदेश के जबलपुर में सड़क हादसों का ग्राफ कम होने का नाम नहीं ले रहा है। ताजा मामला गोरा बाजार थाना क्षेत्र के बिलहरी मार्केट का है, जहां 5 मार्च की शाम करीब 7:56 बजे एक भीषण सड़क हादसा हुआ। सीसीटीवी फुटेज में कैद हुआ यह मंजर किसी हॉलीवुड फिल्म के एक्शन सीन जैसा लग रहा है, लेकिन इसकी हकीकत बेहद डरावनी है। मिली जानकारी के अनुसार, एक स्कूटर पर दो युवक सवार थे और वे काफी तेज गति से बिलहरी मार्केट की ओर जा रहे थे। जैसे ही स्कूटर बिलहरी मार्केट के पास पहुंची, चालक ने अचानक वाहन पर से नियंत्रण खो दिया। स्कूटर अनियंत्रित होते ही दोनों युवक सड़क पर जा गिरे। लेकिन स्कूटर की रफ्तार इतनी ज्यादा थी कि गिरने के बाद भी वह रुका नहीं, बल्कि वह घिसटते हुए लगभग 100 मीटर दूर तक जा पहुंचा। सड़क और स्कूटर के बीच हुए घर्षण की वजह से चारों ओर चिंगारियां निकलने लगीं, जिससे सड़क पर चल रहे बाकी राहगीर भी सहम गए।

घायलों की स्थिति और स्थानीय लोगों की मदद

हादसे के वक्त बाइक पर दो लोग सवार थे। दोनों युवक सड़क पर काफी दूर तक बाइक के साथ ही घिसटते रहे, जिससे उन्हें गंभीर चोटें आई हैं। घटना के तुरंत बाद स्थानीय दुकानदारों और राहगीरों ने दौड़कर उनकी मदद की और उन्हें पास के अस्पताल पहुंचाया। गनीमत रही कि पीछे से कोई भारी वाहन नहीं आ रहा था, नहीं तो यह हादसा और बड़ा हो सकता था।

अतिक्रमण और संकरी सड़कें

इस घटना के बाद स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश देखा जा रहा है। बिलहरी क्षेत्र के निवासियों का कहना है कि यह पहली बार नहीं है जब यहां इस तरह का कोई बड़ा हादसा हुआ हो, इससे पहले भी दर्जनों दुर्घटनाएं इसी जगह पर हो चुकी हैं। स्थानीय लोगों के मुताबिक, स्कूटर की तेज रफ्तार के अलावा हादसे की सबसे बड़ी वजह सड़क के दोनों ओर फैला ‘अवैध कब्जा’ और अतिक्रमण है। सड़क पर दुकानों का सामान और वाहनों की अवैध पार्किंग के कारण मुख्य रास्ता बेहद संकरा हो गया है, जिससे तेज रफ्तार वाहनों के लिए अचानक नियंत्रण पाना मुश्किल हो जाता है।

प्रशासनिक लापरवाही पर उठे सवाल

गोरा बाजार पुलिस ने CCTV फुटेज को अपने कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। हालांकि, स्थानीय लोगों का कहना है कि प्रशासन केवल हादसे के बाद जागता है। बिलहरी मार्केट जैसे व्यस्त इलाके में न तो कोई स्पीड ब्रेकर है और न ही अतिक्रमण हटाने की कोई ठोस योजना। 5 मार्च की शाम हुई यह घटना प्रशासन के लिए एक चेतावनी है कि यदि समय रहते ट्रैफिक व्यवस्था और सड़क के हालातों को नहीं सुधारा गया, तो आने वाले समय में यहां और भी बड़े हादसे हो सकते हैं।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here