सोमवार को जिला मुख्यालय सहित अन्य ग्रामीण अंचलों में धरती आबा बिरसा मुंडा की जयंती हर्षोल्लास के साथ मनाई गई। देश की स्वतंत्रता के लिए अपने प्राणों की आहुति देने वाले वीर क्रांतिकारी बिरसा मुंडा की जयंती पर जिले भर में जगह-जगह विभिन्न कार्यक्रमों के आयोजन किए गए।
जननायक बिरसा मुंडा की जयंती पर नगर के अस्पताल चौक परिसर में मंचीय कार्यक्रम का आयोजन कर बिरसा मुंडा जी की प्रतिमा का अनावरण किया गया। जहां उपस्थितजनों ने जननायक बिरसा मुंडा जी की जीवनी पर प्रकाश डालते हुए उनके बलिदान को याद किया।
उपस्थितजनों ने बिरसा मुंडा की जीवनी से प्रेरणा लेकर उनके नक्शे कदम पर चलने का संकल्प लिया।
जयंती विशेष पर अर्पित सेवा संस्था और बिरसा बिग्रेड के माध्यम से नगर में एक मिनी मैराथन दौड़ का आयोजन किया गया। 11किलोमीटर की यह मैराथन दौड़ बिरसा मुंडा चौक से जयस्तंभ चौक वहां से अंबेडकर चौक, नर्मदा नगर ,हनुमान चौक वहां से मेन रोड होते हुए वापस अवंती बाई चौक, बस स्टैंड से होकर जिला अस्पताल होते हुए बिरसा मुंडा चौक पहुंची जहां मिनी मैराथन दौड़ का समापन किया गया।
बिरसा मुंडा जयंती पर आयोजित इस मिनी मैराथन दौड़ में बालको में कार्तिक भगत ने प्रथम ,मनीष बघेले ने द्वितीय, नितेश टेंभरे ने तृतीय स्थान प्राप्त किया।
बालिका धावकों में पायल लिल्हारे प्रथम, रिया बावने द्वितीय,तो वही रवीना पांचे तृतीय स्थान पर रही। जिन्हें कार्यक्रम के अंत मे सभी धावकों के साथ प्रमाण पत्र, इनाम का वितरण कर अन्य धावकों को प्रमाण पत्र के साथ सन्तावना पुरस्कार का वितरण किया गया।










































