टला बड़ा हादसा:ट्रेन की चपेट में आया सांड, इंजन में फंसकर हुई मौत

0

करीब 2 घंटे रुकी रही इतवारी-बालाघाट ट्रेन, परेशान यात्रियों ने पैदल नापा रास्ता
बूढ़ी रेलवे क्रासिंग के समीप हुआ हादसा, ट्रेन संख्या 68714 पहले से ही चल रही थी लेट
फोटो
पदमेश न्यूज। बालाघाट। बुधवार को इतवारी से बालाघाट आ रही पैसेंजर ट्रेन एक बड़े हादसे का शिकार होने से बाल-बाल बच गई। बूढ़ी रेलवे क्रासिंग के समीप अचानक एक सांड ट्रेन की चपेट में आ गया। टक्कर इतनी जोरदार थी कि सांड इंजन के नीचे फंस गया और उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद ट्रेन को तत्काल रोकना पड़ा, जिससे करीब 2 घंटे तक रेल यातायात बाधित रहा और यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। उधर काफी जद्दोजहद के बाद सांड को काटकर निकाला गया जिसके बाद लोगो ने राहत की सांस ली।इस कार्य को करने में कर्मचारियों को करीब 2 घंटे का समय लग गया जिसके बाद ट्रेन अपने गंतव्य बालाघाट रेलवे स्टेशन की ओर आगे बढ़ी।उधर करीब 2 घण्टे ट्रेन खड़ी यात्रियों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा, कुछ यात्री अपना अपना सामान लेकर पैदल ही अपने घर का रास्ता नापते हुए नजर आए, तो कुछ यात्रियों ने अपने घर से वाहन, व किराए के ऑटो बुलाकर आगे का सफर पूरा किया।

पहले से ही 1 घण्टा देरी से चल रही थी ट्रेन
बताया जा रहा है कि ट्रेन संख्या 68714 इतवारी-बालाघाट पैसेंजर पहले से ही अपने निर्धारित समय से करीब एक घंटे की देरी से चल रही थी। ऐसे में बूढ़ी रेलवे क्रासिंग के समीप हुए इस हादसे के बाद ट्रेन को और अधिक समय तक खड़ा रहना पड़ा। इंजन में फंसे सांड को बाहर निकालने के लिए रेलवे कर्मचारियों को काफी मशक्कत करनी पड़ी।उधर ट्रेन के लंबे समय तक एक ही स्थान पर खड़े रहने से यात्रियों की परेशानी बढ़ गई। कई यात्री इंतजार करने के बजाय ट्रेन से उतरकर पैदल ही अपने गंतव्य की ओर रवाना हो गए। वहीं कुछ यात्रियों ने अपने परिचितों और परिजनों को फोन कर वाहन बुलाए, जबकि कई लोगों ने ऑटो बुक कर आगे का सफर तय किया।

घटना के कारण ट्रेन में सवार यात्रियों के बीच अफरा-तफरी का माहौल भी बना रहा। यात्रियों का कहना था कि ट्रेन पहले से ही देरी से चल रही थी और हादसे के बाद करीब 2 घंटे तक रुकने से उनकी परेशानी और बढ़ गई।उधररेलवे कर्मचारियों द्वारा इंजन में फंसे मृत सांड को काटकर बाहर करने के बाद ट्रेन को पुनः गंतव्य के लिए रवाना किया गया। हालांकि इस घटना के चलते ट्रेन अपने निर्धारित समय से और अधिक विलंब से बालाघाट पहुंची।

आरपीएफ कर रही मामले की जांच- चौधरी
इस पूरे मामले को लेकर दूरभाष पर की गई चर्चा के दौरान बालाघाट रेलवे स्टेशन प्रबंधक के एम चौधरी ने बताया कि इतवारी से चलकर बालाघाट की ओर आने वाली लोकल ट्रेन काफी विलंब से स्टेशन पहुंची है उन्होंने बताया कि वारासिवनी से चलकर ट्रेन बालाघाट आ रही थी, लेकिन बूढ़ी चौकी के समीप एक सांड ट्रेन की चपेट में आकर इंजन में फस गया था, जिससे ट्रेन करीब 2 घंटा मौके पर ही खड़ी रही। ऐसी स्थिति में ट्रेन को आगे बढ़ाया नहीं जा सकता था यदि ट्रेन को आगे बढ़ाया तो ट्रेन पलट भी सकती थी, जिससे बड़ा हादसा हो सकता था। इसीलिए सांड को काटकर बाहर निकाला गया। उसके बाद ट्रेन आगे बढ़ाई गई है। हमने मामले की सूचना आरपीएफ को दे दी है जो मामले की जांच कर आगामी कार्यवाही करेगी।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here