भोपाल में चर्चित ट्विशा शर्मा मौत मामले में जांच लगातार तेज होती जा रही है। भोपाल पुलिस ने ट्विशा की सास, पूर्व जिला जज और कंज्यूमर फोरम की पूर्व अध्यक्ष गिरिबाला सिंह को पूछताछ के लिए तीसरा नोटिस जारी किया है।
पुलिस कमिश्नर संजय कुमार ने साफ शब्दों में कहा है कि गिरिबाला सिंह जांच में सहयोग नहीं करती हैं, तो पुलिस कोर्ट से उनकी अग्रिम जमानत निरस्त करने का आग्रह करेगी। यह मामला 12 मई 2026 को कटारा हिल्स स्थित घर में ट्विशा शर्मा की संदिग्ध मौत के बाद सामने आया था। ट्विशा का शव फांसी के फंदे पर लटका मिला था।मामले में दहेज प्रताड़ना, मानसिक उत्पीड़न और आत्महत्या के लिए उकसाने जैसे गंभीर आरोप लगाए गए हैं। पूरे मामले की जांच के लिए विशेष जांच दल (SIT) गठित किया गया है।
पूर्व जज गिरिबाला सिंह पर जांच का दबाव बढ़ा
गिरिबाला सिंह को 15 मई को 50 हजार रुपये के बॉन्ड पर अग्रिम जमानत मिली थी। वहीं उनके बेटे और भोपाल के वकील समर्थ सिंह की अग्रिम जमानत 18 मई को अदालत ने खारिज कर दी थी। समर्थ सिंह फिलहाल फरार है और उसके खिलाफ लुकआउट नोटिस जारी किया गया है। पुलिस ने उस पर 10 हजार रुपये का इनाम भी घोषित किया है।
भोपाल पुलिस के अनुसार गिरिबाला सिंह को पूछताछ के लिए लगातार नोटिस भेजे जा रहे हैं, लेकिन जांच में अपेक्षित सहयोग नहीं मिल रहा है। पुलिस कमिश्नर संजय कुमार ने कहा कि कानून सभी के लिए समान है और जांच निष्पक्ष तरीके से आगे बढ़ेगी। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि किसी का रसूख या पद जांच को प्रभावित नहीं करेगा।








































