डाक विभाग का बड़ा कदम; अब ‘24 स्पीड पोस्ट’ से दिल्ली, मुंबई समेत 6 शहरों में 24 घंटे में पार्सल डिलीवरी

0

India Post 24 Speed Post Service: देश की पारंपरिक डाक सेवा अब तेज रफ्तार की ओर बढ़ रही है। जानकारी के मुताबिक, डाक विभाग 17 मार्च से ‘24 स्पीड पोस्ट’ नाम की नई सेवा शुरू करने जा रहा है, जिसके तहत बड़े शहरों के बीच भेजी गई डाक या पार्सल अगले दिन ही पहुंचाने की गारंटी दी जाएगी। बताया जा रहा है कि, नई सेवा की शुरुआत केंद्रीय संचार मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया और संचार राज्य मंत्री डॉ चंदशेखर पेम्मासानी नई दिल्ली में करेंगे। पहले चरण में यह सुविधा दिल्ली, मुंबई, चेन्नई, कोलकाता, बेंगलुरु और हैदराबाद जैसे छह प्रमुख शहरों में उपलब्ध होगी।

किन लोगों को होगा सबसे ज्यादा फायदा?

डाक विभाग के मुताबिक, ‘24 स्पीड पोस्ट’ सेवा का सबसे ज्यादा फायदा उन लोगों को मिलेगा जिन्हें जरूरी दस्तावेज, कानूनी कागजात, दवाइयां या अन्य जरूरी सामान तुरंत भेजना होता है। अब उन्हें निजी कूरियर सेवाओं पर निर्भर नहीं रहना पड़ेगा। सरकारी डाक नेटवर्क के जरिए कम खर्च में तेज और भरोसेमंद डिलीवरी मिल सकेगी।

एसएमएस अलर्ट के साथ एंड-टू-एंड ट्रैकिंग की सुविधा

इस सेवा के साथ कई नई सुविधाएं भी जोड़ी गई हैं। पार्सल की पूरी यात्रा के दौरान एसएमएस अलर्ट के साथ एंड-टू-एंड ट्रैकिंग मिलेगी और डिलीवरी के समय ओटीपी आधारित सुरक्षित सत्यापन किया जाएगा। बड़े व्यापारिक ग्राहकों के लिए बिल नाउ पे लेटर (BNPL) की सुविधा, बल्क बुकिंग पर मुफ्त पिकअप और एपीआई इंटीग्रेशन जैसे विकल्प भी दिए जाएंगे, जिससे ई-कॉमर्स और छोटे कारोबारियों को काफी राहत मिल सकती है।

लोगों को मनी-बैक गारंटी भी दी जाएगी

डाक विभाग ने यह भी साफ किया है कि अगर तय समय में पार्सल नहीं पहुंचता है तो मनी-बैक गारंटी भी दी जाएगी। यानी सेवा में देरी होने पर ग्राहक को भुगतान वापस मिलेगा। तेज डिलीवरी और डिजिटल ट्रैकिंग जैसी सुविधाओं के साथ यह पहल न सिर्फ डाक विभाग की सेवाओं को आधुनिक बनाएगी, बल्कि आम लोगों और छोटे कारोबारियों के लिए भी एक सस्ता और भरोसेमंद विकल्प साबित हो सकती है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here