पदमेश न्यूज़, बालाघाट। रेलवे इंजीनियरिंग विभाग द्वारा रेलवे ट्रैक के उन्नयन कार्य के तहत कुछ पुरानी पटरियों को हटाने व नई पटरियां लगाने के लिए बुधवार को करीब डेढ़ घंटे का ब्लॉकेज लिया गया था। इस दौरान नगर के बैहर, भटेरा और बूढ़ी रेलवे क्रॉसिंग के फाटक बंद रहे,जिससे नगर और रेलवे फाटक के आसपास के क्षेत्रों में यातायात व्यवस्था चरमरा गई। फाटकों के दोनों ओर वाहनों की लंबी-लंबी कतारें लग गईं और लोगों को काफी देर तक जाम में फंसे रहना पड़ा।हैरत की बात तो यह रही कि इस ब्लॉकेज की जानकारी रेलवे विभाग द्वारा ना तो नगर पालिका को दी गई और ना ही यातायात विभाग को सूचित किया गया।जिससे स्थिति कुछ देर के लिए डगमगा गई और रहागिरो को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ा।
भरी बारिश में रेलवे फाटक पर परेशान होते रहे यात्री
उधर रेलवे क्रासिंग फाटक पर ब्लॉकेज के दौरान दोपहिया, चारपहिया वाहन, यात्री बसें, मालवाहक वाहन तथा एम्बुलेंस सहित कई जरूरी वाहन जाम में फंसे रहे जो फाटक खुलने का इंतजार करते रहे।बारिश के बीच छोटे बच्चों, बुजुर्गों एवं महिलाओं को सबसे अधिक परेशानी का सामना करना पड़ा। कई लोग समय पर अपने कार्यस्थल, स्कूल, कॉलेज और अस्पताल तक नहीं पहुंच सके।
लोगो को आई ओवरब्रिज की याद
जाम में फंसे लोगों का कहना था कि यदि यहां रेलवे ओवरब्रिज का निर्माण हो चुका होता तो इस तरह की स्थिति पैदा नहीं होती। हर बार रेलवे ब्लॉकेज के दौरान लोगों को घंटों परेशान होना पड़ता है। स्थानीय नागरिकों ने एक बार फिर शहर में शीघ्र रेलवे ओवरब्रिज निर्माण की मांग दोहराई।
इसलिए बदली जा रही पटरी
बताया गया कि, भटेरा रेलवे क्रार्सिंग पर पटरी और मार्ग का लेवल एक होने से, कई बार पटरी से इंजन गुजरते समय, ट्रेन चालक ने परेशानी महसुस की है, महिनों पहले, इंजन के सामने लगे पिंजरे के पटरी से सटी जगह में फंस जाने के कारण, घंटो तक ट्रेन फंसी रही थी। जिसे देखते हुए रेलवे विभाग यह काम कर रहा है। चूंकि यह लाईन के दोनो ओर नाली के गढ्ढा खोदने और कोई वैकल्पिक मार्ग नहीं होने से लोग आवागमन को लेकर परेशान होते रहे।
समय से पूर्व पूर्ण कर लिया काम
रेलवे अधिकारियों के अनुसार यह ब्लॉकेज ट्रैक के आधुनिकीकरण और नई पटरियां बिछाने की प्रक्रिया के तहत लिया गया था। पहले चरण में पुरानी पटरियों को हटाने व नई पटरियों को लगाने के लिए जगह जगह पटरियां गिराई गो है। जिसके कारण सभी संबंधित रेलवे फाटकों को निर्धारित समय तक बंद रखना पड़ा।हालांकि डेढ़ घण्टे का ब्लॉकेज लिया गया था।लेकिन काम तय समय से पहले ही पूरा कर लिया गया।
दोबारा ब्लॉकेज लेकर बदली जाएंगी पटरियां
रेलवे विभाग सूत्रों से मिली जानकारी के ट्रैक सुधार कार्य अभी जारी रहेगा। पुरानी कुछ जगहों पर पटरियां हटाने के बाद नई पटरियां बिछाने और अन्य तकनीकी कार्यों के लिए आगामी दिनों में पुनः ब्लॉकेज लिया जाएगा। विभाग ने नागरिकों से सहयोग और धैर्य बनाए रखने की अपील करते हुए कहा कि यह कार्य रेल सुरक्षा और बेहतर संचालन के लिए आवश्यक है।विभाग अधिकारियों ने बताया कि ट्रैक आधुनिकीकरण पूरा होने के बाद ट्रेनों का संचालन अधिक सुरक्षित और सुचारु होगा। हालांकि तब तक समय-समय पर लिए जाने वाले ब्लॉकेज के कारण लोगों को असुविधा का सामना करना पड़ सकता है।
मुख्य बिंदु
लंबे समय तक बंद रहे बैहर, भटेरा और बूढ़ी रेलवे फाटक।
तीनों क्रॉसिंग पर वाहनों की लंबी कतारें, यातायात व्यवस्था प्रभावित।
स्कूली बच्चे, मरीज, नौकरीपेशा लोग और व्यापारी सबसे अधिक हुए परेशान।
रेलवे ट्रैक उन्नयन के तहत पुरानी पटरियां हटाने का कार्य।
नई पटरियां बिछाने के लिए जल्द फिर लिया जाएगा ब्लॉकेज।
जाम के बीच लोगों ने रेलवे ओवरब्रिज निर्माण की मांग दोहराई।
रेलवे विभाग ने नहीं दी कोई जानकारी- त्रिपाठी
वही दूरभाष पर की गई चर्चा के दौरान नगरपालिका में विभागीय प्रभारी वाचस्पति त्रिपाठी ने बताया कि भटेरा रेलवे क्रार्सिंग पर ट्रेक का काम होने की कोई जानकारी रेलवे विभाग ने नगरपालिका को नही दी।
रेलवे को लिखा जाएगा पत्र- राहंगडाले
यातायात प्रभारी यीना राहंगडाले ने बताया कि रेलवे विभाग से कोई जानकारी हमें भी नहीं मिली थी, लेकिन काम के दौरान, जब आवागमन को लेकर जाम जैसे हालत पैदा हुए थे, विभागीय कर्मियों ने मोर्चा संभालते हुए यातायात को व्यवस्थित कराया। उन्होंने बताया कि बिना यातायात विभाग को सूचना दिए, रेलवे विभाग के किए जा रहे कार्यो को लेकर उन्हें पत्र लिखा जाएगा और भविष्य में शहर के यातायात को सुचारू बनाए रखने के लिए सूचना देने की बात कही जाएगी। ताकि लोगों को परेशान ना होना पड़े।
ट्रेक बिछाने का चल रहा काम- चौधरी
इस पूरे मामले को लेकर दूरभाष पर की गई चर्चा के दौरान स्टेशन प्रबंधक कृष्ण मोहन चौधरी ने बताया कि लाईन पर नया ट्रेक बिछाने का काम हो रहा है। जिसकी चलती इंजीनियरिंग विभाग द्वारा ब्लॉकेज लिया गया था हालांकि समय से पहले ही वह कार्य पूर्ण कर लिया गया वहीं लोगों के आवागमन को देखते हुए बीच-बीच में फाटक खोलकर आवागमन भी शुरू किया जा रहा था
00000000000000000000000000000000








































