ड्रेसिंग रूम में रोने लगे रोहित शर्मा! आंसुओं से डबडबाई आंखें, चेहरे पर साफ दिखी हताशा

0

वानखेड़े स्टेडियम में सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ मुंबई इंडियंस की सात विकेट की जीत के बावजूद टी-20 क्रिकेट में रोहित शर्मा की फॉर्म टेंशन दे रही है। इस सीजन चेन्नई सुपरकिंग्स के खिलाफ शतक जड़ने के बाद से रोहित की खराब फॉर्म जारी है। एक महीने के बाद टी-20 विश्व कप शुरू होने वाला है, ऐसे में भारतीय कप्तान को लेकर चिंताएं लाजिमी है। बीती रात दुनिया के सबसे विस्फोटक ओपनर्स में शुमार रोहित शर्मा पांच गेंद में सिर्फ चार रन पर चलते बने। आउट होने के बाद उन्हें ड्रेसिंग रूम में निराश देखा गया। कैमरा जब उन पर फोकस हुआ तो पूरी दुनिया ने देखा कि रोहित कितने मायूस थे। चेहरे पर निराशा साफ झलक रही थी। आंखें भी नम थीं, जिसे पोछते हुए वह साफ देखे जा सकते थे।

इस साल अचानक मुंबई इंडियंस की कप्तानी से हटाए गए रोहित शर्मा ने सीजन की अपनी पहली सात पारियों में 297 रन बनाए, जिसमें दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ 49 रन और सीएसके के खिलाफ घरेलू मैदान पर नाबाद 105 रन शामिल थे। हालांकि, अपने अगले पांच मैच में वह सिर्फ 34 रन ही जोड़ सके हैं, जिसमें चार स्कोर सिंगल डिजिट में हैं। मुंबई में बीती रात रोहित विपक्षी कप्तान पैट कमिंस की एक लैंथ गेंद पर आउट हो गए। वह इसे स्क्वायर के ऊपर से फ्लिक करना चाहते थे, लेकिन शॉट खेलने में जल्दबाजी की और गेंद आसमान में ऊंची चली गई। विकेटकीपर हेनरिक क्लासेन ने आराम से इसे पकड़कर रोहित का काम तमाम कर दिया।

राजस्थान रॉयल्स, दिल्ली कैपिटल्स, लखनऊ सुपरजायंट्स, कोलकाता नाइटराइडर्स और अब सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ खेले पिछले पांच मैच में रोहित का उच्चतम स्कोर 11 रन है। यह अच्छा नहीं है। भारतीय खिलाड़ियों के यूएसए रवाना होने से पहले रोहित शर्मा को अपनी फॉर्म पाने के लिए आईपीएल 2024 में अभी भी दो और मौके मिलेंगे। टीम इंडिया 5 जून को आयरलैंड के खिलाफ अपना पहला मैच खेलेगी।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here