तालाब को प्रदूषण मुक्त बनाने बाहरी नाले का निर्माण भी तेजी से जारी

0

बालाघाट। सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत नगर पालिका परिषद बालाघाट द्वारा स्थानीय देवी तालाब में व्यापक स्वच्छता अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान पोकलेन मशीन को तालाब के भीतर उतारकर पानी के नीचे दबी पॉलीथिन, कचरा एवं अतिरिक्त मलबा निकाला गया। जेसीबी मशीनों और नगर पालिका के सफाई अमले ने तालाब एवं आसपास के पूरे क्षेत्र की सफाई की।

स्वच्छता अभियान के दौरान तीन ऐसे नए स्थान चिह्नित किए गए, जहाँ लोगों द्वारा लगातार पॉलीथिन, पूजन सामग्री एवं घरेलू अनुपयोगी वस्तुएँ फेंकी जा रही थीं। नगर पालिका द्वारा पूर्व में दो स्थानों पर निगरानी कैमरे लगाए जा चुके हैं तथा नए चिह्नित स्थानों पर भी कैमरे लगाने के निर्देश दिए गए हैं। कैमरों के माध्यम से गंदगी फैलाने वालों की पहचान कर कार्रवाई की जाएगी।

इस अवसर पर उपस्थित नागरिकों और कर्मचारियों को जल संरक्षण, पर्यावरण संरक्षण एवं स्वच्छता का संकल्प दिलाया गया। नागरिकों से अपील की गई कि वे अनुपयोगी सामग्री, पॉलीथिन, फूल-माला एवं अन्य पूजन सामग्री को नदी-तालाबों में न फेंकें तथा नगर पालिका द्वारा निर्धारित व्यवस्था का ही उपयोग करें।

मुख्य नगर पालिका अधिकारी सूरप्रकाश उके ने कहा कि राष्ट्रीय हरित अधिकरण (एनजीटी) के निर्देशों के अनुसार नगर पालिका परिषद द्वारा देवी तालाब के संरक्षण एवं स्वच्छता के लिए समुचित प्रयास किए जा रहे हैं। तालाब परिसर में व्यापक पौधारोपण के साथ समय-समय पर विशेष स्वच्छता अभियान चलाए जाएंगे। उन्होंने स्पष्ट किया कि इस वर्ष एनजीटी के निर्देशों के कारण देवी तालाब में प्रतिमा विसर्जन की व्यवस्था नहीं की जा रही है। श्रद्धालु यहाँ प्रतिमा अथवा पूजन सामग्री का विसर्जन न करें और हरित न्यायालय के दिशा-निर्देशों का पालन करें।

नगर पालिका अध्यक्ष भारती सुरजीत सिंह ठाकुर ने लोक निर्माण शाखा के उपयंत्री के साथ देवी तालाब में चल रहे निर्माण कार्यों की जानकारी भी ली। तालाब में सीधे आकर मिलने वाले नाले-नालियों के गंदे पानी की समुचित बाहरी निकासी के लिए नाले का निर्माण तेजी से किया जा रहा है। अध्यक्ष ने निर्माण कार्य की गुणवत्ता को लेकर उपयंत्री से चर्चा करते हुए कार्य को उच्च गुणवत्ता के साथ शीघ्र पूरा करने के निर्देश दिए।

नगर पालिका अध्यक्ष ने कहा कि नगर पालिका परिषद इस बात के लिए संकल्पित है कि नगर की किसी भी नदी या तालाब में अपशिष्ट अथवा गंदा पानी न मिले। इसके लिए जल निकासी की समुचित व्यवस्था बनाने सहित आवश्यक कार्य लगातार किए जा रहे हैं। इस अवसर पर उन्होंने “एक पौधा माँ के नाम” अभियान के अंतर्गत पौधारोपण किया और नागरिकों से अधिक से अधिक पौधे लगाकर उनके संरक्षण की जिम्मेदारी लेने की अपील की।

सेवा संकल्प अभियान की इसी कड़ी में 24 सितंबर को भगवान झूलेलाल गुजरी मार्केट में विशेष स्वच्छता अभियान चलाया जाएगा। इसके पश्चात सुबह 11 बजे पुराने राम मंदिर परिसर में स्थानीय प्रमुख व्यापारियों, फुटकर विक्रेताओं तथा सब्जी एवं किराना व्यापारियों की बैठक आयोजित की गई है। बैठक में बाजार की व्यवस्थाओं को सुव्यवस्थित करने के संबंध में व्यापारियों से विचार-विमर्श किया जाएगा।

इस अवसर पर सभापति संगीता खगेस कावरे, वकील वाधवा, रेना धीरस सुराना सहित नगर पालिका के अधिकारी-कर्मचारी तथा बड़ी संख्या में स्वच्छता कर्मचारी उपस्थित रहे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here