दिल्ली से बेंगलुरु जा रही थी बस, भोपाल में महिला के बैग और पर्स की सिलाई उधेड़कर DRI ने निकाली दो करोड़ रुपए की ड्रग्स

0

DRI Raid Action: राजधानी भोपाल के ISBT पर DRI ने मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। दिल्ली से बेंगलुरु जा रही एक महिला यात्री के पास से 2.604 किलोग्राम मेथाम्फेटामाइन ड्रग्स बरामद की गई है, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत करीब 2.08 करोड़ रुपये आंकी गई है।भोपाल: राजस्व आसूचना निदेशालय ने मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ एक बड़ा अभियान चलाते हुए अंतरराज्यीय गिरोह का पर्दाफाश किया है। डीआरआई की टीम ने भोपाल के इंटर स्टेट बस टर्मिनल पर कार्रवाई करते हुए एक महिला यात्री को गिरफ्तार किया है। उसके पास से करीब 2.08 करोड़ रुपये मूल्य का 2.604 किलोग्राम नशीला पदार्थ बरामद किया गया है। प्रारंभिक फील्ड टेस्ट में बरामद पदार्थ के ‘मेथाम्फेटामाइन’ होने की पुष्टि हुई है।

इनपुट के आधार पर आईएसबीटी पर घेराबंदी

डीआरआई के अधिकारियों को पुख्ता इनपुट मिले थे कि अंतरराज्यीय बसों के जरिए मादक पदार्थों की तस्करी की जा रही है। जानकारी के मुताबिक, यह महिला दिल्ली से बेंगलुरु जाने वाली एक यात्री बस में सवार होकर सफर कर रही थी। सूचना मिलते ही डीआरआई की टीम ने सतर्कता बरतते हुए भोपाल के आईएसबीटी पर उक्त बस को रुकवाया और महिला यात्री को नीचे उतारकर उसकी विधिवत तलाशी ली।बैग और पर्स की गुप्त जेबों में छिपा रखा था माल

जब डीआरआई की टीम ने महिला के सामान की गहन तलाशी ली, तो तस्करों के शातिर तरीकों का खुलासा हुआ। महिला ने अपने यात्रा बैग की एक गुप्त जेब में 1,885 ग्राम नशीला पदार्थ छिपा रखा था। इसके अलावा, उसके साथ मौजूद हैंडपर्स की गुप्त जेब से भी 719 ग्राम मेथाम्फेटामाइन बरामद किया गया। इस तरह दोनों जगहों से कुल 2,604 ग्राम (2.604 किलोग्राम) ड्रग्स जब्त की गई, जिसकी अनुमानित कीमत बाजार में 2.08 करोड़ रुपये आंकी गई है।

एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज

प्राथमिक फील्ड टेस्ट में प्रतिबंधित मेथाम्फेटामाइन होने की पुष्टि होने के बाद, डीआरआई ने महिला को एनडीपीएस एक्ट, 1985 (NDPS Act, 1985) के प्रावधानों के तहत गिरफ्तार कर लिया है। वर्तमान में जांच एजेंसियां महिला से लगातार पूछताछ कर रही हैं। यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि यह खेप कहां से लाई गई थी, इसे बेंगलुरु में किसे डिलीवर किया जाना था और इस अवैध तस्करी के पीछे कौन-कौन से लोग और संगठित नेटवर्क सक्रिय हैं

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here