आजादी के अमृत महोत्सव के तहत राष्ट्रीय विचार मंच के संयुक्त तत्वावधान में बालाघाट नगर में बुधवार की दोपहर में विशाल तिरंगा यात्रा निकाली गई। यह तिरंगा यात्रा कालीपुतली चौक के समीप हनुमान मंदिर से प्रारंभ की गई जो कालीपुतली चौक से मेन रोड होते हुए हनुमान चौक पहुंची, जहां पर राष्ट्रीय विचार मंच के प्रमुख पदाधिकारियों द्वारा तिरंगा यात्रा में शामिल लोगों को संबोधित किया गया।
इस तिरंगा यात्रा में विभिन्न सामाजिक धार्मिक संगठनों के पदाधिकारी एवं स्वयंसेवी संस्थाओं से जुड़े लोगो के अलावा नगर के विभिन्न शैक्षणिक संस्थाओं के छात्र-छात्राएं हजारों की संख्या में तिरंगा यात्रा में रहे। छात्र-छात्राएं एवं रैली में शामिल लोग अपने हाथों में तिरंगा लेकर देशभक्ति की भावना से ओतप्रोत नजर आये। इस भव्य तिरंगा यात्रा में गूंज रहे देशभक्ति गीतों से शहर गुंजायमान हो उठा। तिरंगा यात्रा के दौरान पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती रेखा बिसेन, पूर्व नगरपालिका अध्यक्ष रमेश रंगलानी, बालाघाट नगरपालिका अध्यक्ष श्रीमती भारती ठाकुर, ऋषभ वैध, वरिष्ठ भाजपा नेत्री श्रीमती भारती पारधी,
डॉक्टर बी एम शरणागत, महेश खजांची सहित शहर के गणमान्य नागरिक गण एवं सैकड़ों की संख्या में छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।
स्थानीय हनुमान चौक में तिरंगा यात्रा के समापन के दौरान संबोधित करते हुए राष्ट्रीय विचार मंच की अध्यक्ष श्रीमती लता एलकर ने कहा कि देश की आजादी के 75 वर्ष पूर्ण होने पर इसे आजादी के अमृत महोत्सव के रूप में मनाया जा रहा है। हम बालाघाट के लोग नमन करते हैं उस इतिहास को उन वीर गाथाओ को जिन्होंने देश को आजाद कराने अपना बलिदान दिया। देश के वीर जवानों ने अंग्रेजों से सामना किया और 15 अगस्त को अंग्रेजों के झंडे को नीचे कर अपने देश का तिरंगा फहराया।