उज्जैन: 18 साल की नव्या तिवारी ने कमाल कर दिया है। उन्होंने नेशनल डिफेंस एकेडमी की परीक्षा पहले ही प्रयास में पास कर ली है। नव्या अब भारतीय वायुसेना में फ्लाइंग ऑफिसर बनना चाहती हैं। वह मध्य प्रदेश की पहली लड़की हैं, जिन्हें NDA में जाने का मौका मिला है। उनके पिता भी 25 साल पहले SSB की परीक्षा में बैठे थे, लेकिन सफल नहीं हो पाए थे। इस बार नव्या ने सफलता हासिल कर पूरे परिवार का नाम रोशन किया है।
एनडीए की परीक्षा में 4 लाख से छात्र- छात्राएं शामिल हुए
दरअसल, NDA की परीक्षा में पूरे देश से 4 लाख से ज्यादा छात्र-छात्राएं शामिल हुए थे। जैसे ही नव्या के सिलेक्शन की खबर आई, उनके घर में खुशी की लहर दौड़ गई। उनके रिश्तेदार और दोस्त उन्हें बधाई देने के लिए घर आ रहे हैं। नव्या के दादाजी और मम्मी-पापा ने उन्हें माला पहनाई, मिठाई खिलाई और बधाई दी। उनकी मम्मी और दोस्तों ने उन्हें गले लगाकर शुभकामनाएं दीं।
एनडीए में कुछ साल पहले शुरू हुई लड़कियों की एंट्री
नव्या ने बताया कि वह फ्लाइट लेफ्टिनेंट व्योमिका सिंह और कर्नल सोफिया कुरैशी की तरह देश की सेवा करना चाहती हैं। नव्या ने यह भी बताया कि NDA में लड़कियों की एंट्री कुछ साल पहले ही शुरू हुई है। इस बार पहला बैच पास आउट हुआ है। उन्होंने गर्व से कहा कि मैं मध्यप्रदेश से पहली लड़की हूं, जिसका NDA में चयन हुआ है।
सैनिक स्कूल से पढ़ाई की
नव्या के पिता नवलेश तिवारी और मां संध्या तिवारी निजातपुरा में रहते हैं। नव्या ने अपनी 11वीं और 12वीं की पढ़ाई राजस्थान के सीकर स्थित प्रिंस सैनिक स्कूल से की है। उन्होंने 12वीं में 90 प्रतिशत अंक हासिल किए थे।