पुराने भोपाल में देर रात लगी भीषण आग; फलों के ठेले जलकर खाक, टायर फटने से गूंजे धमाके

0

भोपाल। राजधानी के पुराने शहर के लक्ष्मी टॉकीज क्षेत्र स्थित सराय में शुक्रवार देर रात उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब वहां खड़े फलों के ठेलों में अचानक भीषण आग लग गई। रात करीब एक बजे लगी इस आग की लपटें इतनी तेज थीं कि दूर से ही दिखाई दे रही थीं।

विधायक आतिफ अकील पहुंचे, स्थानीय लोगों ने दिखाई सूझबूझ

घटनास्थल के पास ही उत्तर विधानसभा क्षेत्र के विधायक आतिफ अकील का निवास होने के कारण, आग की भनक लगते ही वे तुरंत मौके पर पहुंच गए। विधायक ने राहत कार्य में जुटे स्थानीय नागरिकों का हौसला बढ़ाया और स्थिति पर नजर रखी।

इस दौरान आसपास कई चार पहिया और दो पहिया वाहन खड़े थे। आग की लपटों को गाड़ियों की तरफ बढ़ता देख स्थानीय युवाओं ने तत्परता दिखाई और समय रहते वाहनों को धक्का देकर सुरक्षित स्थानों पर हटाया, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया।

फायर ब्रिगेड ने आधे घंटे में पाया काबू

स्थानीय नागरिकों की सूचना पर नगर निगम का दमकल अमला तुरंत हरकत में आया। फायर स्टेशन से दो गाड़ियां तत्काल मौके पर भेजी गईं। फायर फाइटर्स ने करीब आधे घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह काबू पा लिया, जिससे आग आसपास के मकानों और दुकानों तक नहीं फैल सकी।

नगर निगम के फायर अधिकारी सौरभ पटेल ने बताया कि आग लगने का कारण फिलहाल पूरी तरह स्पष्ट नहीं हो पाया है। आग केवल फलों के ठेलों में लगी थी, जिसे दमकल की दो गाड़ियों की मदद से समय रहते बुझा दिया गया। हादसे में किसी जनहानि की सूचना नहीं है, लेकिन ठेला संचालकों का भारी नुकसान हुआ है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here