हरदा। टिमरनी थाना क्षेत्र के छिदगांव मेल में गौकशी के मामले को लेकर पूछताछ के लिए बुलाए गए व्यक्ति ने थाना परिसर में जहर का सेवन कर खुदकुशी कर ली। शनिवार देर शाम पूछताछ के लिए बुलाए गए पिपल्या कला निवासी रामदास कोरकू ने थाना परिसर में जहर का सेवन करने के बाद सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र टिमरनी में प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल लाया गया। जहां उपचार के दौरान मौत हो गई।
इसके बाद रविवार सुबह से पोस्मार्टम कराने की प्रक्रिया कराने के लिए पुलिस और प्रशासन स्वजनों को समझाइश दे रहे हैं। लेकिन स्वजन न्यायिक जांच और जांच अधिकारी को निलंबित करने की मांग पर अड़े हुए हैं। सुबह से दोपहर 12 बजे तक मांग पूरी नहीं होने पर विभिन्न सामाजिक संगठन और विधायक आरके दोगने जिला अस्पताल के मेन गेट पर धरने पर बैठ गए हैं।










































