प्रतिवर्ष के अनुसार इस वर्ष से भी पूर्व सैनिक कल्याण संघ द्वारा एक पेड़ शहीदों के नाम पौधा रोपण अभियान की शुरुआत की गई है।जहां इस अभियान के तहत मातृभूमि की रक्षा करते हुए शहीद होने वाले अमर वीर जवानों के नाम से संघ द्वारा जगह-जगह पौधा रोपण अभियान चलाया जा रहा है। जहां विभिन्न प्रजातियो के पौधों का रोपण कर शहीद अमर वीर जवानों को श्रद्धांजलि दी जा रही है।इसी कड़ी में शनिवार को पूर्व सैनिक कल्याण संघ द्वारा बूढ़ी रोड रेलवे क्रॉसिंग के समीप शहीद जवानों के नाम से विभिन्न प्रजातियों के पौधे लगाए गए, तो वही उन पौधों के संरक्षण व संवर्धन की भी जिम्मेदारी उठाई गई।भूतपूर्व सैनिक कल्याण संघ बालाघाट द्वारा ‘एक वृक्ष शहिदों के नाम’ अभियान के तहत किए गए पौधा रोपण के दौरान भूतपूर्व सैनिक कल्याण संघ अध्यक्ष संजीव धुवारे, उपाध्यक्ष सुनील पालेवार, जिला संयोजक रामसिंह वैश,अरविंद कावडे, महेश नगपुरे, सुनील पलेवार अरविंद पालेवार, ओमेन्द्र मात्रे, अशोक डोंगरे, गीता डोहरे, संगीता बिसेन, बंटी आंमाडारे सहित भूतपूर्व सैनिक कल्याण संघ के अन्य पदाधिकारी सदस्य व उनके परिजन प्रमुख रूप से उपस्थित रहे।
शहीद जवानों को याद कर हर साल उनके नाम से लगाए जाते हैं पौधे- संजीव
प्रतिवर्ष वर्षा ऋतु में चलाए जाने वाले इस अभियान को लेकर की गई चर्चा के दौरान पूर्व सैनिक कल्याण संघ अध्यक्ष संजीव धुवारे ने बताया कि प्रतिवर्ष संगठन द्वारा अमर शहीद जवानों के नाम से पौधारोपण किया जाता है यह अभियान पूरे सप्ताह भर तक अलग-अलग जगह में चलाया जाता है जहां संघ द्वारा विभिन्न प्रजातियों के पौधों का रोपण कर उन पौधों को शहीदों का नाम दिया जाता है। प्रतिवर्ष पौधों रोपण के माध्यम से संघ द्वारा शहीद जवानों को श्रद्धांजलि दी जाती है वहीं पर्यावरण संरक्षण व पर्यावरण संतुलन का संदेश भी दिया जाता है उन्होंने आगे बताया कि इस साप्ताहिक अभियान के तहत रविवार को नगर के शंकर घाट स्थित शिव मंदिर परिसर में संघ द्वारा शहीदों के नाम से विभिन्न प्रजातियों के पौधों का रोपण किया जाएगा।