मौत के कारणों की जांच में जुटी बैहर पुलिस
20 जुलाई से लापता था विनोद मर्सकोले
एफएसएल जांच के लिए सुरक्षित रखा गया फीमर बोन
बालाघाट। जिले के बैहर थाना क्षेत्र अंतर्गत बन्ना डैम से एक युवक का शव बरामद होने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान विनोद पिता मोहन सिंह मर्सकोले 35 वर्ष ग्राम चरेगांव थाना लामता निवासी के नाम से की गई है। युवक की मौत किन परिस्थितियों में हुई।इसका फिलहाल खुलासा नहीं हो सका है। शव की स्थिति संदिग्ध होने के कारण बैहर पुलिस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार विनोद मर्सकोले विवाह के बाद पिछले छह-सात वर्षों से अपने ससुराल ग्राम बिजोरा में रह रहा था। उसके परिवार में पत्नी एवं तीन बच्चे हैं। बताया गया कि करीब दो वर्ष पहले वह अपनी पत्नी के साथ मजदूरी करने हैदराबाद गया था। चार से छह माह तक काम करने के बाद उसने पत्नी से गांव लौटने की बात कही। लेकिन पत्नी के वापस आने से इनकार करने पर वह अकेले ही बिजोरा लौट आया। इसके बाद वह अपने ससुर और तीन बच्चों के साथ रह रहा था।
पत्नी के अलग रहने से विनोद मानसिक तनाव में रहने लगा था और शराब का सेवन भी करने लगा था। परिवार आर्थिक तंगी से भी जूझ रहा था।जिससे बच्चों के पालन-पोषण में कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा था। बताया गया कि 19 जुलाई को विनोद बैहर बाजार में शराब के नशे की हालत में देखा गया था। वहीं 20 जुलाई को सुबह करीब 11 बजे उसे गांव में अंतिम बार देखा गया।जिसके बाद से वह लापता था।
24 जुलाई को सुबह करीब 9 बजे बन्ना डैम के किनारे चरवाहों ने कुछ कुत्तों को एक शव को खींचते हुए देखा। पास जाकर देखने पर मानव शव होने की जानकारी मिली।जिसके बाद तत्काल बैहर पुलिस को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को डैम से बाहर निकलवाया। पहचान होने पर परिजनों को सूचना दी गई।
पुलिस के अनुसार शव निर्वस्त्र अवस्था में मिला तथा मृतक की जीभ बाहर निकली हुई थी। प्रारंभिक तौर पर मौत का कारण स्पष्ट नहीं हो पाया है।जिससे मामला संदिग्ध प्रतीत हो रहा है। पुलिस ने पंचनामा कार्रवाई के बाद शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया है।मृत्यु के वास्तविक कारणों का पता लगाने के लिए मृतक का फीमर बोन सुरक्षित रखा गया है। जिसे फॉरेंसिक जांच के लिए एफएसएल जबलपुर भेजा जाएगा। बैहर पुलिस ने भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता की धारा 194 के तहत मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है। पोस्टमार्टम एवं एफएसएल रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा।









































