पद्मेश न्यूज। लालबर्रा। नगर मुख्यालय से ४ किमी. दूर ग्राम पंचायत बम्हनी स्थित मंदिर से २० अगस्त को प्रात: १० बजे डीजे की धुन पर विशाल कांवड़ यात्रा निकली और हाथों में कांवड़ थामे शिवभक्त नाचते-गाते हुए वैनगंगा नदी पोटियापाट घाट पहुंंचे। जिसके बाद पवित्र वैनगंगा नदी का जल भरकर पोटियापाट स्थित भोले बाबा का जलाभिषेक किया गया और क्षेत्रवासियों के लिए आशीर्वाद मांगा। जिसके बाद सभी कांवडिय़े जल लेकर वापस अपने ग्राम बम्हनी-डोरली पहुंचे और ग्राम स्थित विभिन्न मंदिरों में भगवानों का जलाभिषेक कर आशीर्वाद प्राप्त किया। इस धार्मिक आयोजन में ग्राम के युवाओं, पुरूषों, महिलाओं एवं नन्हे-मुन्ने बच्चों ने उत्साहपूर्वकभाग लिया और पैदल चलते हुए वैनगंगा नदी से जल लाकर शिव मंदिर में विधिवत पूजा अर्चना कर जलाभिषेक किया है। चर्चा में बम्हनी सरपंच बीआर ढबाले ने बताया कि प्रतिवर्षानुसार इस वर्ष भी सावन मास के अवसर पर २० अगस्त को बम्हनी एवं डोरली के द्वारा संयुक्त रूप से कांवड़ यात्रा निकाली गई और इस कांवड़ यात्रा में शामिल कांवडिय़ों ने डीजे की धुन पर भक्ति गीतों पर डांस करते हुए पोटियापाट घाट वैनगंगा नदी पहुंचे। जहां से जल लाकर भगवान भोलेनाथ का जलाभिषेक किया गया, जिसके बाद विविध धार्मिक कार्यक्रम आयोजित किये गये। साथ ही यह भी बताया कि इस कांवड़ यात्रा के माध्यम से भगवान भोलेनाथ से ग्राम की खुशहाली, अच्छी फसल के साथ-साथ क्षेत्र में सुख-समृध्दि की कामना की गई है।










































