बाजार में अव्यवस्थाएं, लोग हो रहे परेशानदुकानदारों ने दोनों तरफ आधी सड़क पर किया कब्जा,

0

पदमेश न्यूज़,बालाघाट। नगर के मुख्य बाजार में आवागमन की व्यवस्था एक बार फिर बिगड़ने लगी है जिससे ना केवल राहगीरों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है बल्कि बाजार में जगह-जगह जाम की स्थिति भी नजर आ रही है त्यौहारो व शादियों के सीजन को देखते हुए जहां दुकानदारों ने दुकान का सामान सड़क तक निकाल कर रख दिया है तो वही सिजनी धंधा करने वाले फुटकर दुकानदारों ने भी सड़क के दोनों और अपनी दुकानें सजा ली है जिससे यातायात बाधित हो रहा है।वहीं नगर में त्यौहार व सीजनी बाजार के लिए अब तक कोई स्थान तय नहीं किया गया है जिसे फुटकर दुकानदार सड़क के दोनों और दुकान लगाकर पहले से छोटे मार्ग को और छोटा कर रहे है। इस तरह नगर में पहले से चरमराई हुई यातायात व्यवस्था अब रोजाना बिगड़ रही है जिस पर नगर पालिका और यातायात प्रशासन का कोई ध्यान नहीं है।

सड़क पर पार्क हो रहे वाहन
त्यौहारो व शादियों के सीजन में सड़क किनारे दुकान लग जाने के चलते जहां एक ओर सड़क दोनों तरफ से सकरी हो गई है तो वहीं दूसरी ओर सड़क किनारे दुकान लगने से ग्राहक सड़क पर ही अपने वाहन पार्क कर रहे हैं जिससे आवागमन करने में लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।आपको बताए कि शहरी क्षेत्र से खरीदारी करने बड़ी संख्या में गावो से लोग नगर पहुचते है। ऐसे में सकरे मार्ग के दोनों तरफ से लोगों को आवाजाही में खासी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। वहीं उसी सकरे मार्ग में मवेशियों की धमाचौकड़ी बनी रहती है।जिससे जगह जगह ट्रैफिक जाम हो रहा है।

बेकाबू अतिक्रमण पर नपा नही लगा पा रही लगाम
नगर के बाजारों से लगी सड़कों में यातायात व्यवस्था लगातार बदहाल होती जा रही है।दिन भर व्यस्त रहने वाला, मार्ग पर पूरी तरह अतिक्रमण से घिर गया हैं। जिससे कभी भी बड़ा हादसा घटित हो सकता है।वहीं नगर के आम रास्ते भी अब सिमटते नजर आ रहे है। नगर के प्रमुख स्थानों, चौक-चौराहों सहित नगर का गुजरी व इतवारी बाजार भी अतिक्रमण की चपेट में है।जिससे नगर की यातायात व्यवस्था बुरी तरह प्रभावित हो रही है और सड़क दुर्घटनाओं में इजाफा हो रहा।जहा चारों ओर अतिक्रमण पसरा हुआ हैं।जिसपर नपा का कोई ध्यान नही है।

त्यौहार सीजन में अक्सर बिगड़ती है व्यवस्था
त्यौहारो का सीजन आते ही बाजारों में यातायात व्यवस्था बिगड़ने लगी है। स्थिति यह है कि लोगों का उक्त मार्ग से निकलना तक मुश्किल हो जाता है।इन दिनों बाजार में अब काफी गहमागहमी दिखाई दे रही है।शादियों को लेकर अब लोग खरीदारी में जुट गए हैं। इस कारण दिनभर दुकानों पर भीड़ हो रही है।एक साथ शहर और ग्रामीण क्षेत्रों के ग्राहकों के बाजार में आने के कारण व्यवस्था खराब होने लगी है। जगह ना होने के चलते दुकानों के आगे वाहन खड़े हो रहे हैं।आपको बताए कि पहले बाजार में यातायात व्यवस्था बनाने के लिए पुलिस बेरीकेड्स लगाकर वाहनों की आवाजाही रोकती थी,लेकिन वर्तमान में ऐसा कुछ नजर नही आ रहा है।वही नपा भी इसपर कोई ध्यान नही दे रही है।ऐसे में हर दिन व्यवस्था बिगड़ती जा रही है।

आने वाले दिनों में बढ़ सकती है परेशानी
अब शादियों को लेकर दिनोंदिन ग्राहकों की भीड़ बढ़ती ही जाएगी। लोग खरीदी करने के लिए बाजार में पहुंचेंगे तो व्यवस्था काफी खराब होगी।यदि नपा प्रशासन और पुलिस प्रशासन ने इससे पहले ही कोई स्थाई व्यवस्था कर दी तो हो सकता है कि इस बार ग्राहकों को कुछ राहत मिल सके। हालांकि अभी तक ऐसा कुछ दिखाई नहीं दे रहा है।

हाथ ठेले, चार पहिया वाहनों से बिगड़ा यातायात
बाजारों में यातायात व्यवस्था को खराब करने में हाथ ठेलों और चार पहिया वाहनों की अधिक भूमिका रहती है। इनके जगह-जगह पर खड़े रहने के कारण सड़कें गलियों में तब्दील दिखाई देती हैं। जब तक इनके लिए कोई व्यवस्था नहीं कराई जाती तब तक समस्या बनी रहेगी।

दुकानदार भी सड़क पर सजा रहे सामान
वैसे ही बाजारों की सड़कें सकरी हैं। ऊपर से त्योहार व शादी के समय दुकानदार भी दुकानों का सामान बाहर तक रख देते हैं। ऐसे में व्यवस्था बिगडऩे लगती है। सबसे अधिक भीड़ कपड़े से लेकर किराना तक की दुकानों में हो रही है। यही हाल इलेक्ट्रिकल्स की दुकानों का है। इस कारण से सड़कों पर वाहन खड़े दिखाई दे रहे हैं।

मुख्य मार्ग में हो रही सबसे ज्यादा परेशानी
नगर के बाजार में अव्यवस्थाएं चरम पर है। मार्ग के बीचों-बीच हाथ ठिलिया,व सड़क के दोनों ओर दुकान लगाने के कारण मार्ग काफी सकरी हो जाता है। ऐसे में मार्ग पर दोनों ओर की दुकानों के सामने ग्राहक खड़े रहते है। जिसके चलते यहां से गुजरने वाले पैदल राहगीरों व बाइक चालकों को खासी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। बताया जा रहा है कि इससे पहले प्रशासन ने सुचारू रूप से आवागमन को लेकर फुटकर दुकानदारो को सड़क किनारे से हटाया था। लेकिन धीरे-धीरे फुटकर व थोक व्यापारियों ने पुनः मार्ग पर कब्जा कर दुकानें लगा ली।

करीब 6 -6 वर्ष पूर्व हुई थी ताबड़तोड़ कार्यवाही
शहर में इन दिनों आम नागरिक शहर की अव्यवस्था से परेशान हैं, सड़क पर फैले अतिक्रमण के कारण सड़क सकरी है वही वाहनों की पार्किंग नहीं होने से बाजार पहुचने वाले ग्राहक कहीं भी वाहन खड़ा कर देते हैं, जिससे लोगों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ता हैं। बता दें कि लगभग 6-7 वर्ष पहले जिला प्रशासन,नगर पालिका प्रशासन और राजस्व अमले ने ताबडतोड़ कार्यवाही करते हुए नगर के अतिक्रमण को हटाकर यातायात की सुचारू व्यवस्था की थी लेकिन उस कार्यवाही के बाद अब इस पर विराम लग गया है।

तो हो सकता है समस्या का समाधान
★ सड़क किनारे और बीच में खड़े होने वाले हाथ ठेलों से व्यवस्था बिगड़ती है।कई जगह बीच सड़क पर हाथ ठेले खड़े कर दिए जाते हैं। इनके लिए कोई निर्धारित स्थान होना चाहिए।
★त्यौहारो व शादियों के समय दुकानों का सामान सड़कों पर नहीं रखा जाए तो समस्या बहुत कम होगी।
★सड़क पर पॉलीथिन बिछाकर दुकान लगाने से रोकने पर समस्या से निजात मिल सकती है
★प्रमुख चौराहों से ही वाहनों को बाजार के अंदर जाने से यदि यातायात व पुलिस जवान रोक दें तो स्थिति में काफी सुधार हो सकता है।
★त्यौहारो व शादियोकी भीड़ होने से वाहनों की पार्किंग के लिए स्थलों का चयन होना जरूरी है।
★ वही त्यौहार व शादी बाजार के लिए स्थान पहले से ही निर्धारित करना चाहिए, ऐसा करने से समस्या से छुटकारा मिल सकता है।

2 दिनों के भीतर अतिक्रमण हटाने की शुरू करेंगे-कतरोलिया
इस पूरे मामले को लेकर की गई चर्चा के दौरान मुख्य नगर पालिका अधिकारी बीड़ी कतरोलिया ने बताया कि यह विषय कलेक्टर साहब की अध्यक्षता में रखा गया था, बीच में अतिक्रमण हटाने के लिए हमने एक टीम भी बनाई थी, लेकिन कर्मचारियों का एक्सीडेंट होने के चलते इस कार्य में विलंब हो गया।हमारी टीम बनी हुई है,बस एक-दो दिन में अवंती बाई चौक से लेकर हनुमान चौक तक सड़क के दोनों किनारो में पसरे अतिक्रमण को हटाने की कार्रवाई की जाएगी। इसकी रणनीति बना ली गई है, 02 दिनों के भीतर कार्यवाही शुरू होगी।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here