बालाघाट : नपा कर्मचारियो ने किया सीएमओ का घेराव समय पर वेतन,डीए, इंक्रीमेंट,और विनियमितीकरण की मांग की

0

बालाघाट (पद्मेश न्यूज)। नगर पालिका के कर्मचारियों को समय पर वेतन नहीं मिल पा रहा है जिसे जहां एक ओर समस्त कर्मचारी काफी नाराज हैं तो वहीं दूसरी ओर कर्मचारियों का डीए भी 2 वर्ष से रुका हुआ है इसके अलावा विनियमितीकरण का मुद्दा भी ठंडे बस्ते में पड़ा हुआ है जिससे नाराज नपा के सफाई कर्मचारी सहित अन्य कर्मचारियों ने सीएमओ का घेराव कर उनकी समस्त मांगे पूरी किए जाने की गुहार लगाई जिसमें उन्होंने समय पर वेतन देने, रुके हुए वेतन का तुरंत भुगतान करने, विनियमितीकरण की प्रक्रिया को तुरंत शुरू करने, 2 वर्षों का बकाया डीए का भुगतान करने और इंक्रीमेंट दिए जाने की मांग की। सीएमओ से की गई इस मांग में कर्मचारियों ने बताया कि उन्हें समय पर वेतन ना मिलने से कई परेशानियों का सामना करना पड़ता है वहीं अब तक उनका इंक्रीमेंट और डीए भी महज आश्वासन तक ही सीमित है जिसको लेकर समस्त कर्मचारी परेशान है वहीं कर्मचारियों ने उनका अब तक विनियमितीकरण ना करने और लॉकडाउन के दौरान किए गए कार्य पर पुरस्कार ना दिए जाने पर अपनी नाराजगी व्यक्त की
8 हजार रु मानदेय पर लगे कर्मचारियों को 4 माह से नहीं मिला भुगतान
शहर के विकास को लेकर अहम भूमिका निभाने वाले नगरपालिका के 800 मस्टरोल कर्मचारियों के अलावा कोरोना काल मे 8 हजार रु प्रतिमाह के मानदेय पर भर्ती किए गए 20 कर्मचारियों को करीब 4 महीने से वेतन नहीं दिया गया है जिसको लेकर कर्मचारियों में आक्रोश पनप रहा है। गौरतलब है कि नगर पालिका के विभिन्न शाखाओं में कार्यरत मस्टरोल कर्मचारियों को नगर पालिका प्रशासन के द्वारा समय पर वेतन नहीं दिया जाता है और यह समस्या कई महीनों से चले आ रही है कोरोना संक्रमण की वजह से लगाए गए लॉकडाउन के दौरान भी नगर पालिका के कर्मचारियों को कई महीनों तक वेतन नहीं दिया गया जिसके कारण उस समय भी कर्मचारियों को काफी आर्थिक समस्याओं से जूझना पड़ा था और यह सिलसिला अब तक बरकरार है जिसको लेकर मस्टरोल कर्मचारियों में आक्रोश पनप रहा है।
कर्मचारियों ने जताया आक्रोश

सोमवार को सफाई कर्मचारियों सहित अन्य ने लामबंद होकर मुख्य नगर पालिका से मुलाकात कर अपनी समस्याओं को उनके समक्ष रखा।नपा के कर्मचारियों की माने तो वेतन को लेकर हमेशा ही समस्या बनी रहती है और लॉकडाउन के दौरान भी यह समस्या सामने आई थी परंतु स्थिति सुधारने के बावजूद सफाई कर्मचारियों को कभी भी समय पर वेतन नही दिया जाता वही अन्य कर्मचारियों को करीब 4 महीने से वेतन नहीं दिया गया।
नियमितीकरण डीए, इंक्रीमेंट तो दूर की बात, सम्मान तक नही मिला
शासन के द्वारा नगर निगम और नगर पालिका के कर्मचारियों को नियमित किए जाने के आदेश पूर्व में ही जारी कर दिए गए थे। इसके बावजूद नगर पालिका प्रशासन के सैकड़ों कर्मचारी अब भी नियमित होने का इंतजार कर रहे हैं।विनियमितीकरण को फिलहाल छोड़ भी दिया जाए तब भी, इन कर्मचारियों को दो महा से रुका हुआ डीए अब तक नसीब नही हुआ है और ना ही अब तक इन कर्मचारियों का इंक्रीमेंट किया गया है यह सब तो बहुत दूर की बात अब तक सफाई कर्मचारियों सहित अन्य को सम्मानित तक नहीं किया गया है जिसको लेकर कर्मचारियों में नाराजगी देखी जा रही है।
कहीं नहीं हो रही सुनवाई-चंदा चमकेल
इस पूरे मामले के संदर्भ में की गई चर्चा के दौरान सफाई कर्मचारी श्रीमती चंदा चमकेल ने बताया कि हमारा पेमेंट कभी समय पर नहीं मिल पाता प्रतिमाह 20 से 25 तारीख तक पेमेंट दिया जाता है इससे हमारा बजट बिगड़ जाता है वही हमें आर्थिक परेशानियों का सामना करना पड़ता है हमारी मांग है कि हमें प्रतिमह 5 तारीख तक पेमेंट दिया जाना चाहिए इसके अलावा हमारा डीए भी अटका पड़ा है वहीं हमारा इंक्रीमेंट भी नहीं किया जा रहा है सीएमओ बोलते हैं कि इसके शासन से आदेश नहीं है हम करीब 400 सफाई कर्मचारी हैं सभी की यही समस्या है।बार बार मांग करने के बाद भी हमारी सुनवाई नही की जा रही है।
कल सभी के खाते में पेमेंट कर दिया जाएगा-मटसेनिया
वही मामले को लेकर की गई चर्चा के दौरान मुख्य नगरपालिका अधिकारी सतीश मटसेनिया ने बताया कि प्रदेश के सभी 407 निकायों में अब तक चुंगी क्षतिपूर्ति की राशि शासन से प्राप्त नहीं हुई है।चुंगी क्षतिपूर्ति की राशि से ही नपा के समस्त कर्मचारियों के वेतन का भुगतान किया जाता है।सम्भवत:आज शाम तक प्रदेश शासन द्वारा लगभग 85 लाख रु की राशि दी जाएगी जिसके तुरंत बाद कर्मचारियों के खाते में वेतन राशि का भुगतान कर दिया जाएगा। उन्होंने आगे बताया कि केवल सफाई कर्मचारी ही नहीं बल्कि अन्य अधिकारियों कर्मचारियों की भी क्षतिपूर्ति की राशि रुकी हुई है यहां तक की स्वयं उनको भी अब तक यह राशि प्राप्त नहीं हो पाई है नगर पालिका द्वारा सभी को वेतन दिया जा रहा है कोविड-19 के प्रभावशील होने के चलते राशि प्राप्त होने में थोड़ा विलंब हो रहा है जिसमें लगातार सुधार जारी है कल तक सभी कर्मचारियों के खाते में उनके वेतन का भुगतान कर दिया जाएगा।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here