बेरोजगारी से परेशान युवक ने लगाई फांसी?

0

पदमेश न्यूज़, बालाघाट।कोतवाली पुलिस ने नगर के वार्ड नंबर 4 सुषमा ले-आउट स्थित एक मकान से फांसी के फंदे पर लटका एक युवक छात्र का शव बरामद किया है।जिसके फांसी लगाकर आत्महत्या किए जाने की आशंका जा रही है।हालांकि युवक ने यह कदम क्यों उठाया ,फिलहाल यहा स्पष्ट नहीं हो पाया है।लेकिन मृतक युवक के परिजनों द्वारा बेरोजगारी से तंग आकर आत्महत्या का कदम उठाए जाने की आशंका जताई जा रही है।मृतक युवक का नाम वार्ड नंबर 4 सुषमा ले-आउट निवासी 29 वर्षीय निलेश पिता साहेबलाल दसरिये बताया गया है।जिसके शव को बरामद कर,अन्य आवश्यक कार्यवाही पूरी कर ,शव का सोमवार की दोपहर जिला अस्पताल में पोस्टमार्टम कराकर, अंतिम संस्कार के लिए शव उनके परिजनों के सुपुर्द किया गया है,तो वहीं कोतवाली पुलिस द्वारा इस पूरे मामले की जांच शुरू कर दी गई है।जहां पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत का कारण स्पष्ट होने की बात पुलिस द्वारा कहीं जा रही है।

बीएड की पढ़ाई कर रहा था निलेश
प्राप्त जानकारी के अनुसार वार्ड नंबर 4 सुषमा ले-आउट निवासी मृतक नीलेश के पिता साहेबलाल दसरिये हाई सेकेंडरी स्कूल बिठली में बतौर शासकीय शिक्षक के तौर पर पदस्थ है जबकि छोटा भाई सिद्धांत पढ़ाई करता है, वही बहन ज्योति की शादी हो चुकी है जो अपने ससुराल में रहती है। बताया गया कि निलेश घर में बड़ा भाई था, जो वर्तमान समय में बीएड की पढ़ाई कर रहा था।वही जॉब ना मिलने के चलते घर पर ही रहता था।प्राप्त जानकारी के अनुसार 15 मार्च रविवार की रात करीब 11 बजे परिवार के सभी लोगों ने मिलकर साथ में खाना खाया और अपने-अपने कमरे में सोने चले गए। बताया गया कि निलेश भी ऊपर वाले वाले अपने कमरे में सोने के लिए गया था, जिसने वही फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली।

छोटे भाई सिद्धांत ने खिड़की से झांका तो फांसी पर लटका था शव
बताया गया कि सोमवार की सुबह करीब 5:30 बजे नीलेश के पिता साहेबलाल जब सोकर उठे तो उन्होंने परिवार के अन्य लोगों को उठाया,वही छोटे लड़के सिद्धांत को बोला कि निलेश को ऊपर कमरें में जाकर उठाओ, जब सिद्धांत ऊपर वाले कमरे में निलेश को उठाने गया तो वह चिल्लाते हुए बोला कि भैया ने फांसी लगा ली है। इस पर निलेश की मां बसंती सहित परिवार के सभी लोग दौड़कर नीलेश के कमरे में गए, लेकिन कमरा अंदर से बंद था।खिड़की से देखे तो उनके बड़े बेटे निलेश ने छत के लोहे के हुक में नायलॉन की रस्सी से फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली थी। उसके शरीर पर कोई हलचल नहीं दिख रही थी जिस पर परिजनों ने दरवाजा तोड़कर निलेश के शव को नीचे उतारा और मामले की सूचना पुलिस को दी। जहां मौके पर पहुंची पुलिस ने पंचनामा सहित अन्य आवश्यक कार्यवाही पूरी कर परिजनों के बयान दर्ज किए, वहीं शव का पोस्टमार्टम कराकर अंतिम संस्कार के लिए शव उनके परिजनों के सुपुर्द किया है।

बेरोजगारी से तंग आकर लगाई है होगी फांसी- साहेबलाल
मामले को लेकर की गई चर्चा के दौरान हायर सेकेंडरी स्कूल बिठली में पदस्थ शिक्षक एवं मृतक के पिता साहेबलाल दसरिये ने बताया कि रोजाना की तरह निलेश परिजनों के साथ खाना खाकर रात्रि करीब 11 बजे सोने के लिए ऊपर वाले कमरे में चला गया था जो सुबह जल्दी सो कर नहीं उठा, जब छोटा पुत्र उसे उठाने गया तो अंदर से दरवाजा बंद था। बार-बार आवाज देने पर भी भीतर से कोई आवाज नहीं आ रही थी जिस पर खिड़की से झांककर देखा तो नीलेश का शव ,फाँसी के फंदे पर लटका हुआ था।निलेश ने फांसी क्यों लगाई इसकी हमें कोई जानकारी नहीं है उसके ऊपर कोई जिम्मेदारी नहीं थी, उसके ऊपर कोई कर्ज भी नहीं था, निलेश ने एलएलबी की पढ़ाई की थी, इंग्लिश में एमए की पढ़ाई पूरी की थी, वर्तमान समय में वह बीएड कर रहा था, एमपी ऑनलाइन की एक दुकान भी है । किसी प्रकार का कोई टेंशन नहीं था, बस उसके सभी साथ वाले दोस्त जॉब पर लग चुके है, जबकि वर्तमान में निलेश कुछ भी काम नहीं कर रहा था और घर पर ही रहता था। हो सकता है कि इसी बेरोजगारी से तंग आकर उसने फांसी लगाकर आत्महत्या की होगी।

मामले की जांच जारी है- रहांगडाले
इस पूरे मामले को लेकर की गई चर्चा के दौरान कोतवाली थाना एसआई रामकिशोर रहांगडाले ने बताया कि मृतक के पिता ने दूरभाष पर जानकारी दी थी कि उनके पुत्र ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली है।मामले की सूचना मिलने पर मौके पर पहुंचकर मौका स्थल का निरीक्षण किया गया है पंचनामा कार्यवाही कर, शव बरामद कर, शव का पोस्टमार्टम कराकर अंतिम संस्कार के लिए शव उनके परिजनों के सुपुर्द किया है। वहीं परिजनों के बयान के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी है। उन्होंने बताया कि इस मामले में युवक के कमरे से किसी प्रकार का सुसाईड नोट नहीं मिला है, पर परिजनों द्वारा बताया जा रहा है कि बेरोजगारी के चलते उसने यह कदम उठाया होगा। उसने यह कदम क्यों उठाया, फिलहाल कुछ कहा नहीं जा सकता,जहा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो पाएगा कि युवक ने यह कदम क्यों उठाया है।पुलिस द्वारा मामले की जांच की जा रही हैं।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here