‘भरत तिवारी की तरह मेरा भी एनकाउंटर हो सकता’, एसपी ऑफिस में पोस्टर लगाकर पहुंचा युवक, कहा- मंत्री के भाई की है साजिश

0

छतरपुर: मध्य प्रदेश के छतरपुर जिले में एसपी कार्यालय उस समय हंगामा मच गया, जब 31 वर्षीय युवक रवि अहिरवार अपनी पीठ और हाथों पर बिहार के भरत तिवारी के पोस्टर चिपकाकर एसपी ऑफिस पहुंच गया। युवक ने वन एवं पर्यावरण राज्य मंत्री दिलीप अहिरवार के बड़े भाई अशोक अहिरवार और गौरिहार थाना पुलिस पर गंभीर आरोप लगाए हैं। युवक का कहना है कि उसकी जान को खतरा है और उसके खिलाफ फर्जी मामले दर्ज कराए जा रहे हैं।

फर्जी एनकाउंटर की साजिश रच रहे

रवि अहिरवार ने आरोप लगाया कि गौरिहार थाना प्रभारी रूपनारायण पटेरिया और मंत्री के बड़े भाई अशोक अहिरवार मिलकर उसका फर्जी एनकाउंटर कराने की साजिश रच रहे हैं। इसी आशंका को लेकर वह एक दिन पहले भी एसपी कार्यालय पहुंचा था, जहां उसने लिखित आवेदन देकर अपनी सुरक्षा की मांग की थी।

एसपी ऑफिस में किया प्रदर्शन

एफआईआर दर्ज होने के बाद रवि अहिरवार दोबारा एसपी कार्यालय पहुंचा और जमकर विरोध प्रदर्शन किया। इस दौरान उसने अपने हाथों और पीठ पर भरत तिवारी के पोस्टर लगा रखे थे। युवक ने दावा किया कि उसके पास अपनी बात साबित करने के लिए कई ऑडियो रिकॉर्डिंग और कुछ फोटो हैं, जिन्हें उसने छतरपुर एसपी रजत सकलेचा को सौंप दिया।

एसपी ने दिए जांच के आदेश

मामले को गंभीरता से लेते हुए छतरपुर एसपी रजत सकलेचा ने युवक द्वारा प्रस्तुत रिकॉर्डिंग और अन्य दस्तावेजों को देखने के बाद पूरे मामले की जांच के आदेश दिए हैं। साथ ही संबंधित पुलिस अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि जांच पूरी होने तक युवक के खिलाफ किसी भी प्रकार की अनुचित या फर्जी कार्रवाई न की जाए।

पुलिस बारीकी से कर रही जांच

गौरतलब है कि मामला प्रदेश सरकार के एक राज्य मंत्री के बड़े भाई से जुड़ा हुआ है, इसलिए पुलिस भी पूरे घटनाक्रम की बारीकी से जांच कर रही है। वहीं, रवि अहिरवार का कहना है कि यदि भविष्य में उसके साथ कोई अप्रिय घटना होती है, उसकी मौत होती है या वह आत्महत्या करने के लिए मजबूर होता है, तो इसकी जिम्मेदारी अशोक अहिरवार पर होगी।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here