५२ रक्तदाताओं ने किया महादान, समिति संरक्षक कैलाश अग्रवाल ने दिया ३६ वीं बार रक्तदान
पद्मेश न्यूज। लालबर्रा। जिले सहित पूरे महाकौशल क्षेत्र में ख्यातिप्राप्त, ऐतिहासिक रूप से मनाया जाने वाला नगर मुख्यालय का माँसरस्वती महोत्सव गत १५ अक्टूबर से प्रारंभ हो चुका है और भक्तिभाव के साथ विद्या की देवी माँ सरस्वती की आराधना की जा रही है। माँ सरस्वती महोत्सव के दुसरे दिन शुक्रवार को माँ सरस्वती महोत्सव समिति द्वारा सामाजिक सरोकारों और मानव सेवा की दिशा में एक प्रेरणादायक पहल करते हुए ‘रेड रिचार्ज’ रक्तदान शिविर का सफल आयोजन किया गया। वहीं आयोजन का मुख्य उद्देश्य समाज में रक्तदान के प्रति जन-जागरूकता बढ़ाना और आपातकालीन परिस्थितियों में जरूरतमंद मरीजों के लिए रक्त की उपलब्धता सुनिश्चित करना रहा। आयोजित रक्तदान शिविर में स्वास्थ्य विभाग के द्वारा पहले रक्तदान देने पहुंचे लोगों के स्वास्थ्य परीक्षण किया गया, जिसके बाद क्षेत्रीय युवाओं एवं रक्तदाताओं ने बढ़ चढक़र भाग लिये और बारी-बारी से रक्तदान किया। इस दौरान ५२ उत्साही रक्तदाताओं ने रक्तदान कर इस पुनीत कार्य में अपना योगदान दिया है। इसी क्रम में बालिका यशिका/सुधीर जैन ने जीवन में पहली बार रक्तदान कर समाज के सामने एक उत्कृष्ट उदाहरण पेश किया। वहीं समिति के संरक्षक कैलाश अग्रवाल ने अपने जीवन का ३६ वीं बार रक्तदान कर एक अनूठी मिसाल पेश की। माँ सरस्वती महोत्सव समिति ने रक्तदान को मानवता की सच्ची सेवा बताते हुए कहा कि आपके द्वारा दान किया गया रक्त किसी जरूरतमंद मरीज को नया जीवन दे सकता है।
बाईट – कैलाश अग्रवाल संरक्षक – माँसरस्वती महोत्सव समिति लालबर्रा।










































