मायके मेहमानी मे आई 28 वर्षीय महिला रहस्यमय ढंग से लापता

0

13 अगस्त को पहुंची थी मायके:15 अगस्त को हुई लापता

अज्ञात आरोपी पर बंदी बनाकर छिपाने का मामला दर्ज

बालाघाट। मलाजखंड थाना क्षेत्र के ग्राम निक्कूम में मायके मेहमानी आई 28 वर्षीय महिला रहस्यमय परिस्थितियों में लापता हो गई। महिला के परिजनों द्वारा लगातार तलाश किए जाने के बाद भी उसका कोई सुराग नहीं मिलने पर मलाजखंड पुलिस ने गुम इंसान कायम किया है। यह महिला प्रियंका पति पंचराम वट्टी ग्राम समनापुर थाना मलाजखंड निवासी है। जिसे अज्ञात व्यक्ति द्वारा गुप्त स्थान पर बंदी बनाकर छिपाकर रखने की आशंका में अपराध दर्ज कर जांच एवं तलाश शुरू कर दी है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार ग्राम निक्कूम निवासी गंगाराम कुशरे खेती किसानी का कार्य करते हैं। उनके परिवार में तीन बच्चे हैं। उनकी मंझली बेटी प्रियंका की शादी आठ वर्ष पूर्व पंचराम वट्टी ग्राम समनापुर निवासी के साथ शादी हुई थी। विवाह के बाद प्रियंका अपने ससुराल ग्राम समनापुर में रह रही थी।बताया गया कि 13 अगस्त को प्रियंका अपने ससुराल से मेहमानी के लिए मायके ग्राम निक्कूम आई थी। 15 अगस्त की सुबह करीब 10 बजे उसके पिता गंगाराम अपने नाती ललित वट्टी को स्कूल छोड़ने पल्हेरा चले गए थे। जबकि उनकी पत्नी मोतन बाई खेत चली गई थीं। उस समय प्रियंका घर में अकेली थी।परिजन जब शाम करीब 4 बजे घर वापस लौटे तो प्रियंका घर पर नहीं मिली। पहले परिवार वालों ने आसपास और पड़ोस में उसकी तलाश की लेकिन कोई जानकारी नहीं मिली। इसके बाद गंगाराम ने रिश्तेदारों के यहां ग्राम गढ़ी, सरईटोला, मंडई, तरेगांव, उकवा सहित प्रियंका के ससुराल ग्राम समनापुर में भी तलाश की, लेकिन उसका कोई पता नहीं चल सका।

लाल साड़ी और पीले ब्लाउज में घर से निकली थी

परिजनों के अनुसार लापता प्रियंका की लंबाई करीब 5 फीट, शरीर हट्टा-कट्टा, चेहरा लंबा और रंग गोरा है। वह घटना के समय लाल रंग की साड़ी और पीले रंग का ब्लाउज पहने हुए थी। परिजनों द्वारा अपने स्तर पर लगातार तलाश किए जाने के बाद भी जब प्रियंका नहीं मिली तो उसके पिता ने मलाजखंड थाने में इसकी रिपोर्ट दर्ज कराई।मलाजखंड पुलिस ने मामले में गुम इंसान कायम कर महिला की तलाश शुरू की है। साथ ही अज्ञात आरोपी द्वारा प्रियंका को गुप्त स्थान पर बंदी बनाकर एवं छिपाकर रखने के आरोप में भारतीय न्याय संहिता की धारा 140(3) के तहत अपराध दर्ज किया गया है। पुलिस द्वारा महिला की तलाश के साथ ही मामले से जुड़े सभी संभावित पहलुओं की जांच की जा रही है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here