मुख्यमंत्री कन्या सामूहिक विवाह सम्मेलन में २०० जोड़ों ने लिया सात फेरों का संकल्प

0

लालबर्रा। नगर मुख्यालय स्थित शासकीय महाविद्यालय परिसर में १९ अप्रैल को जनपद पंचायत लालबर्रा के द्वारा आयोजित मुख्यमंत्री सामूहिक कन्या विवाह/निकाह योजना कार्यक्रम संपन्न हुआ। यह कार्यक्रम क्षेत्रीय विधायक श्रीमती अनुभा मुंजारे , पिछड़ा वर्ग कल्याण आयोग सदस्य मौसम बिसेन, जिला पंचायत सभापति डुलेंद्र ठाकरे, झामसिंह नागेश्वर के प्रमुख आतिथ्य, जनपद अध्यक्ष श्रीमती देवीलता ग्वालवंशी की अध्यक्षता एवं अन्य जनप्रतिनिधियों के विशेष आतिथ्य में संपन्न हुआ। जिसमें सर्वप्रथम उपस्थितजनों के द्वारा महापुरूषों के छायाचित्र के समक्ष दीप प्रज्वलित व पुष्पांजली अर्पित कर कार्यक्रम प्रारंभ किया गया और इस मुख्यमंत्री सामूहिक कन्या विवाह योजना के तहत २०० जोड़ों ने एक-दूसरे का हाथ थामकर नये जीवन की शुरूआत की। इस भव्य आयोजन में हिंदू, मुस्लिम, बौध्द और आदिवासी रीति-रिवाजों का संगम देखने को मिला, जो अनेकता में एकता का जीवंत उदाहरण बना।

जनपद कार्यालय से बैडबाजे के साथ निकली बारात, प्रशासन एवं वधु पक्ष ने किया स्वागत

आपको बता दें कि शासन के द्वारा गरीब परिवारों की सहायता करने एवं बेटियों का विवाह समारोह पूर्वक संपन्न करवाने के लिये मुख्यमंत्री कन्यादान सामूहिक विवाह योजना प्रारंभ की गई थी। जिससे गरीब भी अपनी बेटियों की शादी बिना किसी कर्ज के समारोह पूर्वक कर सके। शासन के निर्देशानुसार १९ अप्रैल को जनपद पंचायत लालबर्रा में भी मुख्यमंत्री सामूहिक कन्यादान सामूहिक विवाह कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ जनपद पंचायत कार्यालय से हुआ, जहां से दोपहर १ बजे सभी दूल्हों की सामूहिक बारात गाजे-बाजे और डीजे की धुन पर निकाली गई। इस दौरान नाचते-गाते बाराती जब महाविद्यालय परिसर पहुंचे, तो वहां का माहौल उत्सव जैसा हो गया। बारात का स्वागत जनप्रतिनिधियों और प्रशासनिक अधिकारियो व वधु पक्ष के द्वारा किया गया। इस सामूहिक विवाह कार्यक्रम में सर्वधर्म रीति-रिवाजों से विवाह विवाह संपन्न करवाये गये। जिसमें कुल २०० जोड़ों में से १६१ जोड़ों का हिंदू रीति-रिवाज, २६ जोड़ों का आदिवासी परंपरा अनुसार एवं ११ जोड़ों ने बौध्द पध्दति से मंगल परिणय किया, तो वहीं २ जोड़ों का निकाह मुस्लिम रस्मों के साथ मुकम्मल हुआ। वहीं कार्यक्रम के अंत में अतिथियों ने शासन की योजनाओं की जानकारी देते हुए नवविवाहित जोड़ों के सुखद भविष्य की कामना की। वहीं कार्यक्रम की प्रमुख अतिथि के रूप में उपस्थित क्षेत्रीय विधायक श्रीमती अनुभा मुजारे ने नवदंपतियों को आशीर्वाद देते हुए कहा कि मुख्यमंत्री सामूहिक कन्या विवाह योजना शासन की एक अत्यंत संवेदनशील और महत्वपूर्ण पहल है। यह योजना उन गरीब परिवारों को कर्ज के बोझ से बचाती है जो धूमधाम से विवाह करने में असमर्थ होते हैं। एक ही मंडप के नीचे विभिन्न धर्मों और संस्कृतियों का संगम हमारी सामाजिक एकता को मजबूत करता है। साथ ही यह भी कहा कि सरकार के द्वारा इस वर्ष मुख्यमंत्री सामूहिक कन्या विवाह योजना के तहत होने वाले विवाह का लक्ष्य कम कर दिया गया है। जिसके चलते बहुत से पात्र युवक-युवती इस योजना से विवाह करने से वंचित हो गये है। हम सभी जनप्रतिनिधि सरकार से मांग करेगें कि लक्ष्य बढ़ाये ताकि सभी का विवाह इस योजना के तहत हो और वे लाभांवित हो सके।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here