मुलायम सिंह यादव का निधन देश के लिए अपूरणीय क्षति : मुर्मू

0

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने समाजवादी पार्टी (सपा) के संस्थापक-संरक्षक मुलायम सिंह यादव के निधन को देश के लिए अपूरणीय क्षति बताया। राष्ट्रपति मुर्मू ने ट्वीट किया मुलायम सिंह यादव का निधन देश के लिए अपूरणीय क्षति है। उन्होंने कहा कि बेहद साधारण परिवेश से आए मुलायम सिंह यादव की उपलब्धियां असाधारण थीं। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने कहा कि ‘धरती पुत्र’ मुलायम जमीन से जुड़े दिग्गज नेता थे। उनका सम्मान सभी दलों के लोग करते थे। उनके परिवार-जन एवं समर्थकों के प्रति मेरी गहन शोक-संवेदनाएं। उल्लेखनीय है कि मुलायम सिंह यादव का लंबी बीमारी के बाद सोमवार को 82 वर्ष की उम्र में गुरुग्राम के एक निजी अस्पताल में निधन हो गया है।

प्रधानमंत्री मोदी ने मुलायम सिंह यादव के निधन पर शोक जताया
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने समाजवादी पार्टी (सपा) संस्थापक और उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री मुलायम सिंह यादव के निधन पर सोमवार को शोक जताया और कहा कि आपातकाल के दौरान वह लोकतंत्र के प्रमुख सिपाही थे और रक्षामंत्री के रूप में उन्होंने देश को मजबूत बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण योगदान दिया। ज्ञात हो कि मुलायम सिंह यादव का लंबी बीमारी के बाद सोमवार को गुरुग्राम के एक निजी अस्पताल में निधन हो गया। पीएम मोदी ने मुलायम सिंह यादव को श्रद्धांजलि दी और उनके परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त की।
पीएम मोदी ने ट्वीट किया दोनों लोग जब मुख्यमंत्री थे, तब हमारे बीच लगातार बातचीत हुआ करती थी और यह सिलसिला आगे भी जारी रहा। मैं महत्वपूर्ण मुद्दों पर उनसे उनकी राय भी लेता था। उनके निधन से मुझे गहरा दु:ख पहुंचा। उनके परिवार और उनके समर्थकों के प्रति मेरी संवेदनाएं। पीएम मोदी ने कहा कि मुलायम सिंह यादव ने अपने सुदीर्घ जीवनकाल में उत्तर प्रदेश और देश की राजनीति में महत्वपूर्ण स्थान हासिल किया। वह आपातकाल के दौरान लोकतंत्र के प्रमुख सिपाही के रूप में सामने आए। रक्षा मंत्री के रूप में उन्होंने देश को मजबूत बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण योगदान दिया। संसद की कार्यवाही के दौरान उनके हस्तक्षेप भी बहुत महत्वपूर्ण एवं राष्ट्रहित में हुआ करते थे।
मुलायम सिंह यादव को एक जमीनी नेता के रूप में याद करते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि वह लोगों की समस्याओं के प्रति बेहद संवेदनशील थे। उन्होंने कहा कि नेताजी ने लोकनायक जयप्रकाश नारायण और डॉक्टर राम मनोहर लोहिया के आदर्शों के प्रचार के लिए अपना जीवन समर्पित कर दिया।

सीएम केजरीवाल ने मुलायम सिंह यादव के निधन पर शोक जताया
आम आदमी पार्टी (आप) के संयोजक और दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने समाजवादी पार्टी (सपा) के संस्थापक-संरक्षक मुलायम सिंह यादव के निधन पर शोक व्यक्त किया और उनके परिवार एवं प्रशंसकों के प्रति संवेदना व्यक्त की। ज्ञात हो कि मुलायम सिंह यादव का सोमवार को गुरुग्राम में उपचार के दौरान 82 वर्ष की उम्र में निधन हो गया है। उनका स्वास्थ्य पिछले कुछ हफ्तों से बहुत खराब चल रहा था, जिसके बाद उन्हें गुरुग्राम के मेदांता अस्पताल में भर्ती कराया गया था। अरविंद केजरीवाल ने ट्वीट किया उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और समाजवादी पार्टी के नेता मुलायम सिंह यादव के निधन का दुखद समाचार मिला। ईश्वर दिवंगत आत्मा को अपने श्री चरणों में स्थान दें एवं उनके सभी प्रशंसकों और परिजनों को ये अपार दुख सहने की शक्ति दें। ओम शांति।

सामाजिक न्याय के सशक्त पैरोकार के रूप में मुलायम के योगदान को भुलाया नहीं जा सकता : प्रियंका
कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा ने समाजवादी पार्टी (सपा) के संरक्षक मुलायम सिंह यादव के निधन पर दु:ख जताते हुए कहा कि पूर्व रक्षामंत्री एवं सामाजिक न्याय के सशक्त पैरोकार के रूप में उनके अतुलनीय योगदान को हमेशा याद रखा जाएगा। प्रियंका गांधी ने ट्वीट किया मुलायम सिंह यादव के निधन का दुखद समाचार मिला। भारतीय राजनीति में उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री, भारत सरकार के रक्षा मंत्री व सामाजिक न्याय के सशक्त पैरोकार के रूप में उनका अतुलनीय योगदान हमेशा याद रखा जाएगा। उन्होंने कहा अखिलेश यादव व अन्य सभी प्रियजनों के प्रति मेरी गहरी शोक:संवेदना। ईश्वर मुलायम सिंह यादव को अपने श्रीचरणों में स्थान दें। उल्लेखनीय है कि मुलायम सिंह यादव का सोमवार को 82 साल की उम्र में गुरुग्राम के मेदांता में सोमवार को उपचार के दौरान निधन हो गया है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here