मंदसौर में शातिर महिला ने खुद को नारकोटिक्स विभाग की टीआई बताकर एक प्रॉपर्टी ब्रोकर को अपने जाल में फंसा लिया। हुंडी के फंसे पैसे निकलवाने के नाम पर शुरू हुआ यह ठगी का खेल करोड़ों तक पहुंच गया। आरोपी महिला पीड़ित को एनकाउंटर और एमडी ड्रग्स के झूठे केस में फंसाने की धमकी देकर 4.75 करोड़ रुपये और करोड़ों का मकान ऐंठ चुकी है।रतलाम: खाकी का खौफ, एनकाउंटर का डर और एमडी ड्रग्स के झूठे केस में फंसाने की धमकी देकर करोड़ों रुपये ऐंठने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। रतलाम की माणक चौक पुलिस ने खुद को मंदसौर नारकोटिक्स विभाग की टीआई बताने वाली एक शातिर महिला को गिरफ्तार किया है। आरोपी महिला ने तेजा नगर के एक प्रॉपर्टी ब्रोकर को अपनी बातों में फंसाकर कुल 4.75 करोड़ रुपये की चपत लगा दी। पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी महिला को एक दिन के रिमांड पर लिया है।
11 लाख रुपये निकलवाने से शुरू हुआ ठगी का सिलसिला
48 साल के पीड़ित प्रॉपर्टी ब्रोकर रूपेश चपरोट के अनुसार, दिसंबर 2025 में उनके पास एक महिला का फोन आया। उसने अपना नाम सपना ठाकुर और खुद को मंदसौर नारकोटिक्स में टीआई बताया। महिला ने दावा किया कि वह हुंडी दलाल के पास फंसे उनके 11 लाख रुपये वापस दिलवा देगी। इसके बाद आरोपी महिला ने हाईकोर्ट में केस मजबूत करने और संपत्ति की कुर्की का डर दिखाकर अलग-अलग किस्तों में 3 करोड़ 45 लाख रुपये ऐंठ लिए। इतना ही नहीं, उसने तेजा नगर स्थित 1.30 करोड़ रुपये का मकान भी अपने नाम करवा लिया।पैसा देने से इनकार किया तो देने लगी एनकाउंटर की धमकी
जब पीड़ित ने और पैसे देने से मना किया और मकान की रजिस्ट्री वापस करने की मांग की, तब महिला ने अपना असली रूप दिखाया। उसने एनकाउंटर करने, एमडी ड्रग्स रखकर झूठे एनडीपीएस केस में फंसाने और बेटी की सगाई तुड़वाने की धमकियां देना शुरू कर दिया। डर के मारे पीड़ित अपनी गाढ़ी कमाई, जेवर और जमीन-जायदाद बेचकर उसे पैसे देता चला गया।
सबूत मिटाने के लिए फॉर्मेट कराया मोबाइल
आरोपी महिला की चालाकी यहीं खत्म नहीं हुई। सबूत नष्ट करने के लिए उसने पीड़ित का मोबाइल पूरी तरह फॉर्मेट करवा दिया और उसके नाम से दो फर्जी सिम भी ले लीं। जब पीड़ित ने दोबारा अपने मकान की मांग की तो जान से मारने की धमकी दी। इसके बाद पीड़ित हिम्मत जुटाकर थाने पहुंचा और पूरी आपबीती पुलिस को बताई। मामले की गंभीरता को देखते हुए माणक चौक थाना पुलिस ने धोखाधड़ी का मामला दर्ज कर आरोपी महिला सपना ठाकुर को गिरफ्तार कर लिया है। कोर्ट ने उसे एक दिन के पुलिस रिमांड पर भेजा है। पुलिस अब आरोपी के मोबाइल और कॉल डिटेल की जांच कर रही है ताकि यह पता लगाया जा सके कि इस ठगी के खेल में नारकोटिक्स विभाग का कोई असली कर्मचारी शामिल है या महिला अकेले ही इस तरह के कारनामों को अंजाम दे रही थी।










































