मॉस्को: रूस के कामचटका प्रायद्वीप के प्रशांत तट पर 8.0 तीव्रता का तेज भूकंप आया है। जापान की मौसम विज्ञान एजेंसी ने यह जानकारी दी है और जापान के लिए सुनामी की चेतावनी जारी की है। एजेंसी ने बताया कि भूकंप सुबह 8.25 बजे आया और इसकी प्रारंभिक तीव्रता 8.0 दर्ज की गई। जापान के प्रशांत तट पर 1 मीटर तक की सुनाई आने की आशंका जताई गई है। प्रशांत सुनामी चेतावनी केंद्र के अनुसार, इसके कारण हवाई और रूस के सुदूर पूर्वी तट के लिए भी सुनामी की चेतावनी जारी की गई है। अभी तक किसी नुकसान की सूचना नहीं है।
जापान के एनएचके टेलीविजन ने बताया कि भूकंप जापान के चार बड़े द्वीपों में से उत्तरी द्वीप होक्काइडो से 250 किलोमीटर दूर था और इसे हल्का महसूस किया गया। अमेरिकी भूवैज्ञानिक सर्वेक्षण (USGS) ने बताया कि भूकंप का केंद्र 19.3 किमी की गहराई पर था। भूकंप का रूस के कामचटका पर क्या असर हुआ है, इस बारे में अभी कोई जानकारी नहीं आई है।
जापान पर हो सकता है असर
टोक्यो विश्वविद्यालय के भूकंप वैज्ञानिक शिनिची सकाई ने एनएचके को बताया कि अगर किसी दूर आए भूकंप का केंद्र उथला हो, तो वह जापान को प्रभावित करने वाली सुनामी का कारण बन सकता है। प्रशांत महासागर के रिंग ऑफ फायर वाले क्षेत्र में आने वाला जापान भूकंप के लिए दुनिया के सबसे अधिक संवेदनशील देशों में से एक है।
इसके पहले जुलाई में कामचटका के पास समुद्र में पांच शक्तिशाली भूकंप आए थे, जिनमें सबसे बड़ा 7.4 तीव्रता का था। सबसे बड़ा भूकंप 20 किमी की गहराई पर और 180000 की आबादी वाले पेट्रोपावलोव्स्क-कामच्त्स्की शहर से 144 किमी पूर्व में आया था। अमेरिकी सुनामी वॉर्निंग सिस्टम ने बताया कि सभी उपलब्ध आंकड़ों के आधार पर इस भूकंप से सुनामी पैदा हो सकती है, जो भूकंप के केंद्र दूर तटीय क्षेत्रों में भी विनाशाकारी हो सकती है।