शहर में कानून व्यवस्था बनाए रखने और लोक शांति भंग करने वाले तत्वों के विरुद्ध पुलिस द्वारा लगातार सख्त कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में कोतवाली पुलिस ने इंदिरा नगर क्षेत्र में विवाद कर आवागमन बाधित करने वाले दो आरोपियों को गिरफ्तार कर एसडीएम न्यायालय में प्रस्तुत किया। पुलिस अधीक्षक आदित्य मिश्रा द्वारा शहर में अपराध की रोकथाम और शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस अधिकारियों को विशेष निर्देश दिए गए हैं। उनके निर्देशों के पालन में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक निहित उपाध्याय एवं नगर पुलिस अधीक्षक मयंक दतवारी के मार्गदर्शन में थाना कोतवाली पुलिस ने यह कार्रवाई की।
जानकारी के अनुसार 16 मार्च को थाना कोतवाली को सूचना मिली थी कि वार्ड क्रमांक 24 इंदिरा नगर में दो व्यक्ति सड़क पर आपस में विवाद कर रहे हैं और गाली-गलौज करते हुए मार्ग को अवरुद्ध कर रहे हैं, जिससे आम लोगों का आवागमन प्रभावित हो रहा है। शिकायत मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपियों के विरुद्ध थाना कोतवाली में धारा 170, 126 बी एवं 135(3) बीएनएसएस के अंतर्गत प्रकरण दर्ज कर उन्हें एसडीएम बालाघाट के समक्ष पेश किया। गिरफ्तार आरोपियों में श्रीकांत उर्फ कालू कांडा सरोले उम्र 42 वर्ष निवासी इंदिरा नगर, बालाघाट तथा मोनू उर्फ मयंक जोशी उम्र 38 वर्ष निवासी इंदिरा नगर, बालाघाट शामिल हैं। इस कार्रवाई में थाना प्रभारी कामेश धमुकेती, उप निरीक्षक संजय किरार, उप निरीक्षक गौरव धुर्वे, प्रधान आरक्षक गजेन्द्र माटे, प्रधान आरक्षक हितेश राहंगडाले, प्रधान आरक्षक युगल किशोर पटले, आरक्षक शहजाद शेख, आरक्षक कमल तथा आरक्षक सुशील धुर्वे की सराहनीय भूमिका रही। पुलिस का कहना है कि शहर में शांति व्यवस्था भंग करने वाले असामाजिक तत्वों के खिलाफ आगे भी इसी तरह सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।










































