वारासिवनी ब्लॉक का शानदार परीक्षा परिणाम

0

पद्मेश न्यूज। वारासिवनी। शिक्षा विभाग के द्वारा जारी हालिया आंकड़ों के अनुसार वारासिवनी विकासखंड के शासकीय स्कूलों ने शैक्षणिक सत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन किया है। विकास खण्ड शिक्षा अधिकारी कार्यालय के द्वारा संकलित रिपोर्ट दर्शाती है कि क्षेत्र के विद्यार्थियों ने कक्षा १०वीं और १२ वीं की परीक्षाओं में सफलता के नए आयाम स्थापित किए हैं।

कक्षा १०वीं बोर्ड पांच स्कूलों ने हासिल किया १०० प्रतिशत परिणाम

कक्षा १०वीं में कुल १५३९ छात्र पंजीकृत थे जिनमें से १५२९ छात्र परीक्षा में सम्मिलित हुए। कुल १३८८ छात्र उत्तीर्ण हुए जिससे ब्लॉक का कुल सफ लता प्रतिशत ९०.७८ प्रतिशत रहा। शासकीय हाईस्कूल मेहदीवाड़ा, झालीवाड़ा, बकेरा, कायदी, और झाडगांव जैसे स्कूलों ने १०० प्रतिशत सफलता प्राप्त की है। उत्तीर्ण १३८८ छात्रों में से १०९६ छात्रों ने प्रथम श्रेणी में स्थान बनाकर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया।

कक्षा१२ वीं बोर्ड गर्रा, कायदी और झालीवाड़ा स्कूल अव्वल

कक्षा १२ वीं का प्रदर्शन भी सराहनीय रहा। कुल ११८१ पंजीकृत छात्रों में से ११७४ छात्र परीक्षा में बैठे और १०५५ छात्र उत्तीर्ण हुए। इस वर्ग का कुल पास प्रतिशत ८९.९ प्रतिशत दर्ज किया गया। शासकीय उ .मा.वि. गर्रा,झालीवाड़ा और कायदी ने १२ वीं में भी १०० प्रतिशत परिणाम देकर ब्लॉक में शीर्ष स्थान बनाए रखा। कुल उत्तीर्ण छात्रों में से ९१३ छात्र प्रथम श्रेणी से सफल हुए।

कक्षा १०वीं में १४१ और १२वीं में ११९ असफल रहे विद्यार्थी-वीरेंद्र बनोटे

ब्लॉक शिक्षा अधिकारी वीरेंद्र बनोटे ने बताया की इस सफ लता का श्रेय शिक्षकों की कड़ी मेहनत और विद्यार्थियों के अनुशासन को जाता है। आंकड़ों के अनुसार ग्रामीण क्षेत्रों के स्कूलों ने भी शहरी क्षेत्रों के समकक्ष प्रदर्शन किया है। जो क्षेत्र में शिक्षा के स्तर में सुधार का स्पष्ट संकेत है। असफल रहे छात्रों कक्षा १० वीं में १४१ और १२ वीं में ११९ के लिए विभाग के द्वारा आगामी योजनाओं और पूरक परीक्षाओं के माध्यम से सहयोग प्रदान करने की बात कही गई है ताकि वे भी मुख्यधारा में लौट सकें।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here