विधायक पर १५ प्रतिशत कमीशन लेने का आरोप लगाने वाले पर कठोर कार्यवाही करने की मांग

0

वारासिवनी(पद्मेश न्यूज)।  नगर के कांग्रेस पदाधिकारी और सदस्यों के द्वारा १२ दिसंबर को थाना प्रभारी बिभेन्द्रु व्यंकट टांडिया को ज्ञापन देकर विनोद मिश्रा निवासी वार्ड नंबर ७ वारासिवनी के द्वारा वारासिवनी खैरलांजी क्षेत्र के विधायक विवेक पटेल के विरुद्ध सोशल मीडिया पर आपत्तिजनक पोस्ट करने पर उनके विरुद्ध अपराध दर्ज करने की मांग की गई है। ज्ञापन में उल्लेखित है कि विनोद मिश्रा के द्वारा नगर के विभिन्न व्हाट्सएप ग्रुप पर वारासिवनी खैरलांजी विधायक विवेक पटेल के विरुद्ध सोशल मीडिया का उपयोग करते हुए भ्रामक पोस्ट की गई है। जिसमें उनके द्वारा विधायक के खिलाफ यह भ्रामक पोस्ट की गई है  विधायक निधि की राशि से कार्य स्वीकृत करने हेतु १५ प्रतिशत कमिशन विधायक विवेक पटेल को देना होता है। जिससे विधायक पद की प्रतिष्ठा धूमिल कर एक गंभीर अपराध कारित किया गया है। आम जनमानस में यह कयास लगाया जा रहा है कि उक्त व्यक्ति के द्वारा वारासिवनी विधायक विवेक पटेल के विरुद्ध ही इस प्रकार की भ्रामक पोस्ट डाली गई है। क्योंकि विनोद मिश्रा के द्वारा लगातार वारासिवनी विधायक के विरुद्ध सोशल मीडिया का उपयोग कर उनकी प्रतिष्ठा धूमिल करने का प्रयास करते हुए अनर्गल पोस्ट डाली जाती है। जिससे जनमानस की भावना आहत होती है वर्तमान में जो विधायक विवेक पटेल से संबंधित भ्रामक पोस्ट डाली गई है उससे कभी भी किसी भी प्रकार का माहौल भडक़ने की संभावना है। विनोद मिश्रा के द्वारा पूर्व में भी कई गणमान्य व्यक्तियों के विरोध अनर्गल शब्दों का प्रयोग करते हुए भ्रामक पोस्ट डाली गई है जिस पर पुलिस के द्वारा हिदायत देकर छोड़ा गया था। किंतु उक्त व्यक्ति के व्यवहार में किसी भी प्रकार का कोई परिवर्तन नहीं आ रहा है वर्तमान में विधायक जैसे पद को लेकर कमीशन खोरी की बात बिना किसी आधार के पोस्ट की गई है। जिससे उक्त व्यक्ति के विरुद्ध अपराध पंजीकृत किया जाना आवश्यक होगा। विधायक जैसे पद के विशेषाधिकार हनन का कार्य भी उक्त व्यक्ति के द्वारा लगातार अपनी पोस्ट के माध्यम से किया जा रहा है। उनकी पोस्ट विवाद का विषय रहती है जिससे कभी भी किसी भी प्रकार का माहौल खराब होने की संभावना बनी रहती है। ऐसी स्थिति में विनोद मिश्रा के विरूध्द तत्काल सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम तथा भारतीय न्याय संहिता के अधीन अपराध अभिलंब पंजीबध्द किया जायें। इस अवसर पर पूर्व नपा अध्यक्ष धवल मॉडल, वरिष्ठ कांग्रेसी अनीश बेग,  नगर कांग्रेस अध्यक्ष अनिल पिपरेवार, डोंगरमाली ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष जितेन्द्र सिंह राजपूत,जनपद विधायक प्रतिनिधि रिजवान राजा अली, विधायक निज सहायक चाणक्य  चौबे,  हरि क्षीरसागर, पेमेंन्द्र हेडाऊ, विवेक जूझार, चिंटू जैन मौजूद रहे।

छवि धुमिल करने विधायक ृिववेक पटेल पर कमीशन लेने का लगाया आरोप-राजा अली

रिजवान राजा अली ने पद्मेश से चर्चा में बताया कि हमारी संस्कारधानी को कुछ लोग धूमिल कर रहे हैं। पिछली रात्रि में आपने सुना और देखा होगा सोशल मीडिया में विनोद मिश्रा के द्वारा अच्छी छवि वाले लोगों के खिलाफ  टिप्पणी की गई। इसी तरह विधायक विवेक पटेल पर भी कमीशन खोरी का आरोप लगाया गया है जिसका कोई आधार या सबूत नहीं है यदि है तो वह प्रस्तुत करें। अन्यथा उनके द्वारा किए गए कृत्य पर रिपोर्ट दर्ज करने के लिए थाने में सख्ती से शिकायत दर्ज की गई है ,यदि रिपोर्ट दर्ज नहीं होती है तो एमपी एमएलए कोर्ट में परिवाद दाखिल करेंगे। इनके द्वारा रायता ग्रुप में यह टिप्पणी की गई है।

विधायक पटेल पर १५ प्रतिशत कमीशन लेने की बात विनोद मिश्रा ने कही-जितेन्द्र सिंह राजपूत

जितेंद्र सिंह राजपूत ने बताया कि हम कांग्रेसी थाने में शिकायत करने आए थे कि विधायक विवेक पटेल पर कटाक्ष कर एक व्यक्ति ने 15 प्रतिशत कमीशन की बात सोशल मीडिया में लिखा। यह विधायक की बढ़ती छवि और लोकप्रियता से घबरा गए हैं कुछ लोग उन्हें प्रोत्साहित कर अनर्गल बातें लिखवा रहे हैं। हमने एफआईआर दर्ज करवाने की मांग की है। वह प्रतिदिन रात में कुछ ना कुछ लिखता है जबकि वह किसी की छवि धूमिल नहीं कर सकते हैं यह व्यक्ति विनोद मिश्रा वार्ड नंबर ७ का रहने वाला है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here