श्रीलंका सीरीज से पहले टीम इंडिया को लगा बड़ा झटका, जसप्रीत बुमराह को लेकर सामने आई बड़ी खबर

0

जसप्रीत बुमराह के फिटनेस टेस्ट पास कर लेने से भारतीय कप्तान शुभमन गिल के लिए आधी मुश्किल कम हो गई थी, लेकिन अब जो खबर आ रही है, उससे टीम इंडिया की उम्मीदों को झटका लगा है। दरअसल बीसीसीआई की मेडिकल टीम ने बुमराह को वापसी के लिए और ज्यादा वक्त गुजारने की सलाह दी है, जिसका सीधा मतलब है कि वह श्रीलंका के खिलाफ दो मैच की टेस्ट सीरीज मिस कर सकते हैं। बुमराह बाएं घुटने की चोट से वापसी कर रहे थे। आखिरी बार इंग्लैंड के खिलाफ दूसरे वनडे में बुमराह एक्शन में नजर आए थे। उस मुकाबले में उन्होंने फील्डिंग भी नहीं की थी।

इंग्लैंड सीरीज के बाद ऐसी खबर आई थी कि उनके घुटने में एक इंजेक्शन लगाया गया था, जिससे कि वह लंबे वक्त के लिए इंजरी से उबर सके। बुमराह पिछले हफ्ते बेंगलुरु स्थित बीसीसीआई सेंटर ऑफ एक्सीलेंस (सीओई) गए, जहां उनकी फिटनेस का आकलन किया गया। रिपोर्ट में आगे कहा गया है कि मेडिकल टीम ने तत्काल गेंदबाजी पर लौटने की सलाह नहीं दी है, क्योंकि उन्हें आशंका है कि ऐसा करने से चोट और बढ़ सकती है और उन्हें लंबे समय तक मैदान से बाहर रहना पड़ सकता है।

चोट से परेशान टीम इंडिया

जसप्रीत बुमराह अकेले नहीं हैं जो चोट की समस्या से जूझ रहे हैं और जिनके खेलने पर सस्पेंस की स्थिति बनी हुई है। साई सुदर्शन के खेलने पर भी संशय है। इसके अलावा हर्षित राणा और नीतीश कुमार रेड्डी हैमस्ट्रिंग और क्वाड्रिसेप्स की चोटों के कारण टीम से बाहर हैं। वाशिंगटन सुंदर हैमस्ट्रिंग की चोट के कारण पहले टेस्ट से बाहर हो गए हैं, जबकि आकाशदीप पीठ में तनाव संबंधी समस्याओं से उबरने के कारण अभी सेलेक्शन के लिए उपलब्ध नहीं हैं।

भारत और श्रीलंका के बीच पहला टेस्ट मैच 15 अगस्त से गाले अंतरराष्ट्रीय स्टेडियम में खेला जाएगा, जबकि दूसरा टेस्ट मैच 23 अगस्त से कोलंबो के सिंहली स्पोर्ट्स क्लब में खेला जाना है। भारतीय समयनुसार दोनों मैच सुबह 10:00 बजे शुरू होंगे। यह सीरीज आईसीसी विश्व टेस्ट चैम्पियनशिप 2025-27 के मौजूदा सीजन का हिस्सा है। शुभमन गिल की कप्तानी में भारत नौ मैचों में चार जीत और चार हार के साथ फिलहाल पांचवें स्थान पर है, जिसका पॉइंट्स परसेंटेज 48.150 है। इस सीरीज में जीत कुछ हद तक टीम इंडिया की स्थिति मजबूत हो सकती है।

भारत का टेस्ट स्क्वॉड- शुभमन गिल (कप्तान), केएल राहुल (उप-कप्तान), यशस्वी जयसवाल, ऋषभ पंत (विकेटकीपर), साई सुदर्शन*, ध्रुव जुरेल (विकेटकीपर) रवींद्र जड़ेजा, कुलदीप यादव, मानव सुथार, जसप्रीत बुमराह*, मोहम्मद सिराज, प्रसिद्ध कृष्णा, गुरनूर ब्रार, देवदत्त पडिक्कल, सारांश जैन।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here