वारासिवनी जनपद पंचायत अंर्तगत आने वाली ग्राम पंचायत सरंडी से सीधे कटंगी मार्ग को जोडऩे वाली पुलिया काफी जर्जर अवस्था में है। इस पुलिया का निर्माण काफी वर्ष पूर्व हुआ था जो मनरेगा योजना अंर्तगत किया गया था। मगर वर्तमान में पुलिया काफी जर्जर अवस्था में है जिसकी वजह से बैलगाड़ी हो या चौपहिया वाहन निकालने में काफी तकलीफ हो रही है। ऐसे में ग्रामीणजन इस पुलिया के निर्माण की मांग कर रहे है।
पुलिया काफी जर्जर अवस्था में है – बुधराम चौधरी
पद्मेश को जानकारी देते हुये सरंडी निवासी बुधराम चौधरी ने बताया कि यह पुलिया हमें कटंगी मार्ग से सीधा जोड़ता है। वही नेवरगॉव वासी भी इसी पुलिया का हमारे ग्राम होते ही इस्तेमाल करते है। पुलिया काफी जर्जर अवस्था में है ओर मार्ग कच्चा होने की वजह से बरसात के समय मार्ग पर कीचड़ रहता है। हमारी खेती बाड़ी इसी मार्ग पर पड़ती है। इस बरसात में पुलिया धसक गई थी जिसकी वजह से हम लोग नाले के पानी से होकर निकलने मजबूर थे। जैसे तैसे पंचायत न इसका रिपेरिंग कार्य करवाया है। हमारी मांग है कि इस पुलिया का निर्माण होना चाहिये।
बरसात के मौसम में रहता है कीचड़ – मानिकराम चौहान
वही ग्रामीण मानिकराम चौहान ने पद्मेश को बताया कि इस पुलिया से हम लोगों को बरसात के समय काफी दिक्कत होती है। मार्ग भी काफी सकरा है जिसकी वजह से आमने सामने से आने वाले वाहन नही निकल पाते है। हम लोगों ने इस बारे में पंचायत को भी अवगत करा चुके है। मगर कोई ध्यान नही दे रहे है, हम यही चाहते है कि पुलिया का शीघ्र निर्माण होना चाहिये।
इनका कहना है –
इस संबंध में सरपंच प्रतिनिधि राजेश गौतम ने दूरभाष पर पद्मेश को बताया कि हमारे द्वारा इस पुलिया का कुछ निर्माण कार्य पंचायत मद से कराया गया है ताकि आवागमन अवरूध्द न हो। हमने इस पुलिया निर्माण के लिये प्रस्ताव जिला पंचायत व जनपद को भेजा है। हम भी यही चाहते है कि शीघ्र ही पुलिया का निर्माण होना चाहिये।राजेश गौतम










































