Sagar News: सागर शहर के मोतीनगर थाना क्षेत्र स्थित लकड़ी टाल में भीषण आग लग गई थी। आग की लपटें इतनी तेज थी कि आसपास के इलाकों में अफरातफरी फैल गई। देर रात तक फायर ब्रिगेड की टीम स्थिति पर काबू पाया है। साथ ही नुकसान का आकलन किया जा रहा है।सागर: मोतीनगर थाना क्षेत्र में स्थित धर्म लकड़ी टाल में मंगलवार रात अचानक भीषण आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया और टाल में रखी बड़ी मात्रा में लकड़ियां धधक उठीं। आग की ऊंची लपटें और धुएं का गुबार दूर से ही दिखाई देने लगा, जिसके बाद इलाके में हड़कंप मच गया।दमकल की गाड़ियों ने पाया काबू
घटना की सूचना मिलते ही सागर पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को संभालने का प्रयास शुरू किया। वहीं दमकल की गाड़ियां भी मौके पर पहुंचीं और आग पर काबू पाने के लिए लगातार पानी की बौछार की जा रही है। आग इतनी भीषण बताई जा रही है कि दमकल कर्मियों को आग बुझाने में काफी मशक्कत करनी पड़ रही है।
आग ने धरा विकराल रूप
सबसे बड़ी चिंता की बात यह है कि जिस लकड़ी टाल में आग लगी है, उसके आसपास भी अन्य लकड़ी के टाल मौजूद हैं। ऐसे में आग के आसपास के टालों तक पहुंचने का खतरा बना हुआ है। पुलिस और दमकल अमला आग को फैलने से रोकने के लिए लगातार प्रयास कर रहा है।पुलिस ने संभाली व्यवस्था
मौके पर बड़ी संख्या में लोग भी जमा हो गए हैं, जिसके चलते पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था संभाल ली है। भारी पुलिस बल मौके पर तैनात किया गया है और लोगों को आग वाली जगह से दूर रखने का प्रयास किया जा रहा है।
बताया जा रहा है कि लकड़ी टाल के अंदर कुछ वाहन भी खड़े थे। आग की चपेट में आने से इन वाहनों को नुकसान पहुंचा है या नहीं, इसकी फिलहाल पुष्टि नहीं हो सकी है। आग लगने के कारणों का भी अभी पता नहीं चल पाया है। पुलिस और दमकल विभाग की टीम आग पर पूरी तरह काबू पाने के बाद नुकसान का आकलन करेगी। देर रात लगी इस आग की घटना से अफरातफरी की स्थिति मच गई थी।







































