सावन में आस्था का प्रमुख केंद्र बना सती धाम, दर्शन और मन्नत के लिए दूर-दूर से पहुंच रहे श्रद्धालु

0

मां सती धाम मंदिर में नाग-नागिन का जोड़ा फिर बना मुख्य आकर्षण का केंद्र
फोटो
पदमेश न्यूज़। चरेगांव। सावन माह के पवित्र अवसर पर जनपद पंचायत बालाघाट क्षेत्र अंतर्गत आने वाले ग्राम गुडरू से करीब दो किलोमीटर दूर स्थित मां सती धाम मंदिर इन दिनों श्रद्धालुओं की आस्था का प्रमुख केंद्र बना हुआ है। मंदिर से जुड़ी धार्मिक मान्यता और सावन के दौरान नाग-नागिन का जोड़ा दिखाई देने की चर्चाओं के चलते यहां आसपास के गांवों के साथ ही दूर-दराज क्षेत्रों से भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु दर्शन के लिए पहुंच रहे हैं।स्थानीय श्रद्धालुओं के बीच मान्यता है कि सावन माह में मां सती धाम परिसर में नाग-नागिन का जोड़ा दिखाई देता है। श्रद्धालु इसे धार्मिक आस्था और मंदिर की प्राचीन मान्यता से जोड़कर देखते हैं।इसी विश्वास के चलते सावन के दौरान मंदिर में भक्तों की संख्या बढ़ जाती है। सुबह से ही श्रद्धालुओं के पहुंचने का सिलसिला शुरू हो जाता है और दिनभर मंदिर परिसर में पूजा-पाठ एवं धार्मिक गतिविधियों के चलते भक्तिमय वातावरण बना रहता है।

सच्चे मन से मांगी मन्नत होती है पूरी
मां सती धाम में आने वाले श्रद्धालुओं के बीच यह विश्वास गहराता जा रहा है कि यहां सच्चे मन से मांगी गई मन्नत मां के आशीर्वाद से पूरी होती है। श्रद्धालु मंदिर में मत्था टेककर परिवार की सुख-समृद्धि, स्वास्थ्य, खुशहाली और शांति की कामना करते हैं। कई श्रद्धालु अपनी मनोकामना पूरी होने के बाद भी मां के दर्शन और पूजा-अर्चना के लिए यहां पहुंचते हैं।स्थानीय लोगों के अनुसार यह धाम काफी प्राचीन है। मंदिर परिसर में स्थित एक प्राचीन वृक्ष को लेकर भी क्षेत्र में धार्मिक मान्यताएं जुड़ी हुई हैं। श्रद्धालु मां सती धाम को केवल पूजा-अर्चना का स्थान नहीं, बल्कि आस्था, विश्वास और धार्मिक परंपराओं से जुड़ा पवित्र स्थल मानते हैं।

नाग-नागिन को लेकर बनी हुई है चर्चा
सावन के दौरान मंदिर परिसर में नाग-नागिन का जोड़ा दिखाई देने की चर्चा श्रद्धालुओं के बीच विशेष आकर्षण का विषय बनी हुई है। भक्त इसे मां सती की कृपा और मंदिर की धार्मिक मान्यता से जोड़कर देखते हैं।उधर सावन माह में श्रद्धालुओं की बढ़ती संख्या को देखते हुए मंदिर परिसर में व्यवस्था और सुरक्षा पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। स्थानीय लोगों एवं समिति द्वारा स्वच्छता, श्रद्धालुओं की सुविधा और मंदिर परिसर की व्यवस्था बनाए रखने के प्रयास किए जा रहे हैं।सावन माह समाप्त होने तक मां सती धाम में श्रद्धालुओं के पहुंचने का सिलसिला जारी रहने की उम्मीद है। धार्मिक आस्था, प्राचीन मान्यताओं और नाग-नागिन के जोड़े को लेकर चर्चाओं के चलते मां सती धाम इन दिनों क्षेत्र में विशेष धार्मिक आकर्षण का केंद्र बना हुआ है

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here