सीए की परीक्षा में अखिल भारतीय स्तर पर सातवां स्थान प्राप्त करने वाली संत हिरदाराम नगर की होनहार छात्रा वर्षा पंजवानी का सम्मान किया गया। वर्षा ने अब यूपीएससी की तैयारी शुरू कर दी है। वर्षा का कहना है कि वह कलेक्टर बनकर देश की सेवा करना चाहती है।
हाल ही में घोषित सीए के परीक्षा परिणाम के अनुसार वर्षा पंजवानी को सातवां स्थान मिला है। संत हिरदाराम गर्ल्स कॉलेज की छात्रा रही वर्षा ने इसके पहले कंपनी सेक्रेटरी की परीक्षा भी दी थी। उसमें उसे अखिल भारतीय स्तर पर पहला स्थान मिला था। इसके बाद उसने सीए की पढ़ाई शुरू कर दी, इसमें भी वर्षा ने बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए देश की सूची में सातवां स्थान प्राप्त किया है। विधानसभा के सामयिक अध्यक्ष रामेश्वर शर्मा ने वर्षा के निवास पर पहुंचकर उसे बधाई दी एवं उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामना प्रदान की। इस अवसर पर वर्षा के पिता सुनील पंजवानी एवं माता पिंकी पंजवानी सहित परिवार के अन्य सदस्य भी उपस्थित थे। रामेश्वर ने कहा कि वर्षा ने नगर का ही नहीं, वरन संपूर्ण मध्य प्रदेश का नाम रोशन किया है। संत हिरदाराम जी की प्रेरणा और आशीर्वाद से वर्षा ने जो लक्ष्य तय किया था, उसे पूरा किया है। निश्चित रूप से दूसरे छात्र-छात्राओं को वर्षा से प्रेरणा लेना चाहिए।
यूपीएससी की तैयारी शुरू की
वर्षा ने अब यूपीएससी की तैयारी शुरू कर दी है। वर्षा का कहना है कि वह कलेक्टर बनना चाहती है। कलेक्टर के रूप में वह समाज, शहर, प्रदेश और देश का नाम रोशन करने का प्रयास करेगी। वर्षा के मुताबिक वह रोज 8 से 10 घंटे तक पढ़ाई करती थी। माता पिंकी एवं पिता सुनील पंजवानी का भी उसे पूरा सहयोग मिला। वर्षा का कहना है कि यदि छात्र एक लक्ष्य बनाकर पढ़ाई करें तो उसे पूरा करना आसान है। बच्चों की जिस विषय में रुचि हो, माता-पिता को उसी विषय में दाखिला दिलाना चाहिए।