बंद कमरा, अंदर बिस्तर पर लाश और बाहर इंतजार करता सरकारी ड्राइवर…कटनी में सीनियर इनकम टैक्स अधिकारी की मौत ने कई सवाल खड़े कर दिए। दरवाजा तोड़कर पुलिस अंदर पहुंची तो 50 वर्षीय अधिकारी मृत मिले। कमरे में न सुसाइड नोट मिला, न चोट के निशान; फिलहाल पुलिस को साइलेंट अटैक की आशंका है…कटनी: मध्य प्रदेश के कटनी में पदस्थ वरिष्ठ आयकर अधिकारी की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का सनसनीखेज मामला सामने आया है। माधव नगर थाना अंतर्गत बरगवां स्थित आयकर विभाग के शासकीय रेस्ट हाउस के बंद कमरे में उनका शव बिस्तर पर पड़ा मिला। घटना की जानकारी मिलते ही प्रशासनिक और पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है।माधव नगर पुलिस के अनुसार, मृतक अधिकारी की पहचान 50 वर्षीय मानवेंद्र प्रताप सिंह के रूप में हुई है। वे मूल रूप से उत्तर प्रदेश लखनऊ के निवासी थे और कटनी में वरिष्ठ आयकर अधिकारी के पद पर पदस्थ थे। घटना का खुलासा तब हुआ जब सुबह उनका सरकारी ड्राइवर गाड़ी की चाबी लेने उनके कमरे पर पहुंचा। ड्राइवर ने कई बार डोरबेल बजाई और दरवाजा खटखटाया, लेकिन अंदर से कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली। काफी देर तक कोई हलचल न होने पर कर्मचारियों को किसी अनहोनी की आशंका हुई और उन्होंने तुरंत माधव नगर थाना पुलिस को सूचित किया। मौके पर पहुंची पुलिस टीम ने जब दरवाजा तोड़ा, तो अधिकारी बिस्तर पर अचेत अवस्था में पड़े मिले। जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया गया










































