सेलवा में कलश यात्रा के साथ शिव महापुराण कथा का शुभारंभ

0

७ दिनों तक बहेगी भक्ति की धारा, श्रध्दालुजन प्राप्त कर रहे धर्मलाभ

पद्मेश न्यूज। लालबर्रा। नगर मुख्यालय से लगभग १० किमी. दूर ग्राम पंचायत बगदेही के अंतर्गत आने वाले ग्राम सेलवा में गणेशोत्सव के पावन अवसर पर सर्व समाज एवं बाल गणेश उत्सव समिति के तत्वाधान में बुधवार को भव्य कलश शोभायात्रा के साथ श्रीमद् शिव महापुराण कथा का शुभारंभ हुआ। कथा के प्रथम दिन बुधवार को दोपहर में ग्राम स्थित बजरंग मंदिर से बैड-बाजे के साथ भव्य कलश यात्रा निकाली गई। यह शोभायात्रा ग्राम के प्रमुख चौक-चौराहों से भ्रमण करते हुए कथा स्थल पहुंची, जहां पंडितों द्वारा विधि-विधान से पूजन-अर्चन कर कथा का शुभारंभ किया गया। वहीं १७ सितंबर से २३ सितंबर तक कथावाचक ज्योतिषाचार्य पंडित श्री दीपचंद शास्त्री जी महाराज द्वारा भगवान भोलेनाथ की महिमा, उनकी दिव्य जीवन लीलाओं एवं महात्म्य पर संगीतमय प्रवचन दिया जायेगा। इस ७ दिवसीय आयोजन के दौरान विभिन्न धार्मिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम भी आयोजित होंगे। कथा के शुभारंभ से ही पूरा ग्रामीण अंचल शिवभक्ति के माहौल में डूब गया है और ग्रामीणजन कथा श्रवण कर धर्म लाभ अर्जित कर रहे हैं। चर्चा में आयोजन समिति के पदाधिकारी, किसान कांग्रेस ब्लाक अध्यक्ष मुनेन्द्र ठाकरे ने बताया कि गणेश उत्सव के पावन अवसर पर १५ सितंबर को प्रथम पूज्य भगवान श्रीगणेश की प्रतिमा की स्थापना की गई है और १६ सितंबर को कलशों की शोभायात्रा निकालकर ७ दिवसीय संगीतमय शिव महापुराण कथा का शुभारंभ किया गया है। जिसमें प्रतिदिन शाम ७ बजे से कथावाचक ज्योतिषाचार्य पंडित श्री दीपचंद शास्त्री जी महाराज द्वारा भगवान भोलेनाथ की महिमा पर संगीतमय प्रवचन दिया जायेगा। जिससे पूरे ग्राम मेंं ज्ञान की गंगा बहेगी और क्षेत्रीयजन कथा श्रवण कर धर्मलाभ अर्जित कर रहे है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here