नई दिल्ली: भारतीय जनता पार्टी के नेता और भारतीय कुश्ती महासंघ के पूर्व अध्यक्ष बृज भूषण शरण सिंह को दिल्ली की राउज एवेन्यू कोर्ट ने छह महिला पहलवानों द्वारा लगाए गए यौन उत्पीड़न के आरोपों के मामले में बरी कर दिया है। कोर्ट ने उनके साथ सह-आरोपी विनोद तोमर को भी सभी आरोपों से मुक्त कर दिया। इसे लेकर बजरंग पूनिया और विनेश फोगाट का रिएक्शन सामने आया है।
बृज भूषण शरण सिंह ने क्या कहा?
कोर्ट का फैसला आने के बाद बृज भूषण शरण सिंह ने कहा, ‘कोर्ट ने कहा कि ‘बृज भूषण सिंह और विनोद तोमर, आप दोनों लोगों को बाइज्जत बरी किया जाता है।’ मैंने पहले ही दिन कहा था कि अगर मेरे खिलाफ कोई आरोप साबित होता है तो मैं खुद फांसी पर लटक जाऊंगा।’ विरोध प्रदर्शनों और विपक्षी नेताओं पर हमला बोलते हुए उन्होंने कहा कि जंतर-मंतर पर प्रियंका गांधी से लेकर आम आदमी पार्टी और वामपंथी नेता सब जुट गए थे और उनकी फांसी की मांग कर रहे थे, लेकिन उन्हें न्याय व्यवस्था पर पूरा भरोसा था। उन्होंने यह भी कहा कि वे जूनियर पहलवानों के हक के लिए लड़े थे और अब वही खिलाड़ी देश का परचम लहराएंगे।










































