वारासिवनी। नगर में सर्व ब्राह्मण समाज के तत्वाधान में अक्षय तृतीया का पावन पर्व और भगवान परशुराम का प्राकट्य उत्सव अत्यंत गरिमामय और उत्साहपूर्ण वातावरण में मनाया गया। इस अवसर पर भक्ति शक्ति और एकता का अनूठा संगम देखने को मिला जहाँ बड़ी संख्या में स्वजातीय बंधुओं ने अपनी उपस्थिति दर्ज कराई। जन्मोत्सव कार्यक्रम का औपचारिक शुभारंभ नगर के कटंगी रोड़ स्थित परशुराम चौक से किया गया। यहाँ भगवान परशुराम चौक पर छायाचित्र के समक्ष समाज के वरिष्ठ जनों और पदाधिकारियों की उपस्थिति में विधि विधान से भव्य महाआरती संपन्न हुई। आरती के पश्चात उपस्थित जनसमूह के बीच प्रसादी का वितरण किया गया। आरती के उपरांत परशुराम चौक से एक विशाल मोटरसाइकिल रैली निकाली गई। इस शोभायात्रा का मुख्य आकर्षण रथ पर विराजित भगवान परशुराम की मनमोहक जीवंत झांकी रही। रैली के दौरान डीजे पर बज रहे भक्तिमय गीतों ने युवाओं में भारी उत्साह भर दिया जिस पर युवा जमकर थिरकते नजर आए। यह रैली परशुराम चौक से प्रारंभ होकर सब्जी बाजार,गोलीबारी चौक, आंबेडकर चौक, नेहरू चौक, जय स्तंभ चौक से होते हुए लालबर्रा रोड, बालाघाट रोड और रामपायली रोड सहित नगर के प्रमुख चौक चौराहों और गलियों से गुजरी। जगह जगह नगरवासियों ने पुष्प वर्षा कर यात्रा का स्वागत किया। रैली का समापन वार्ड नंबर एक स्थित परशुराम भवन में हुआ। इस धार्मिक आयोजन में विशेष रूप से पूर्व मंत्री प्रदीप जायसवाल ने भी सहभागिता की। उन्होंने परशुराम चौक पहुँचकर महाआरती में हिस्सा लिया और भगवान परशुराम के चरणों में मत्था टेक कर क्षेत्र की सुखए शांति और समृद्धि की कामना की। सर्व ब्राह्मण समाज के अध्यक्ष शरद दुबे ने बताया कि भगवान परशुराम के आदर्शों को जन जन तक पहुँचाने के लिए यह आयोजन प्रतिवर्ष किया जाता है। इस रैली और महाआरती के माध्यम से समाज में एकता भाईचारे और बंधुत्व का संदेश प्रसारित करने का प्रयास किया गया है। इस अवसर पर सर्व ब्राह्मण समाज के समस्त पदाधिकारी सदस्य और मातृशक्ति सहित बड़ी संख्या में स्वजातीय बंधु उपस्थित रहे। जिन्होंने इस उत्सव को सफल बनाने में अपना महत्वपूर्ण योगदान दिया।










































